रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ- सोनभद्र)
चोपन/सोनभद्र- जिला सहकारी बैंक लिमिटेड मिर्जापुर की शाखा चोपन के तत्वावधान में गुरुवार को ब्लॉक सभागार चोपन में तहसील स्तरीय सहकारिता गोष्ठी का आयोजन किया गया। लैम्पस अध्यक्ष प्रतिनिधि सुरेश तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित गोष्ठी में क्षेत्र के समस्त बी-पैक्स के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, संचालकगण एवं कृषकों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में संतोष कुमार सिंह मुख्य अतिथि तथा बलदेव सिंह एवं अवधेश सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
गोष्ठी में प्रमुख रूप से सभी बी-पैक्स को 100-100 नए मतदाता को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसके साथ ही सहकारिता विभाग द्वारा किसानों के हित में संचालित केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
वक्ताओं ने बताया कि सदस्यों महाअभियान वर्ष 2023 एवं 2025 के माध्यम से लाखों नए किसानों को सहकारी समितियों से जोड़ा गया है। राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2023 से बी-पैक्स समितियों को ब्याज मुक्त कैश क्रेडिट लिमिट (सीसीएल) के तहत उर्वरक ऋण सीमा 10 लाख रुपये निर्धारित की गई थी, जिसे वर्ष 2026 से बढ़ाकर 15 लाख रुपये कर दिया गया है। इससे किसानों को समय से खाद उपलब्ध कराने के साथ ही समितियों को आत्मनिर्भर एवं वित्तीय रूप से सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।
इसके अतिरिक्त सहकारिता की पहुंच गांव-गांव तक बढ़ाने के उद्देश्य से प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर नई बहुउद्देशीय सहकारी समितियों का गठन एवं उनका उन्नयन किया जा रहा है। सहकारिता को कृषि तक सीमित न रखते हुए युवाओं को रोजगार एवं बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ‘सहकारिता भारत टैक्सी योजना’ की शुरुआत की गई है। वहीं समितियों के परिसर एवं भवनों के कायाकल्प और जीर्णोद्धार के लिए राज्य सरकार की ओर से लगभग 10 लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
कार्यक्रम में नवल किशोर चौबे, बीरबल, धर्मेंद्र सिंह, प्रदीप कुमार चौबे, घनश्याम, मोहनलाल जायसवाल सहित विभिन्न बी-पैक्स के सम्मानित संचालकगण एवं क्षेत्र के सक्रिय किसान उपस्थित रहे।















