WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.48 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50 PM

एटा में स्थापित किया गया डिस्ट्रिक्ट कॉन्टेक्ट सेंटर, हेल्पलाइन नंबर 1950 पर मिलेगी सहायता, रिपोर्ट डॉ विशाल गुप्ता

*निर्वाचन संबंधी जानकारी, शिकायत एवं मतदाता सुविधाओं के लिए जनपद एटा में स्थापित किया गया डिस्ट्रिक्ट कॉन्टेक्ट सेंटर, हेल्पलाइन नंबर 1950 पर मिलेगी सहायता*

 

*एटा, 25 नवम्बर 2026 (सू0वि0)।* भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद एटा में निर्वाचन संबंधी कार्यों को अधिक सुगम, पारदर्शी एवं जनसुलभ बनाने तथा मतदाताओं की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से जिला निर्वाचन कार्यालय में डिस्ट्रिक्ट कॉन्टेक्ट सेंटर (District Contact Centre) स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से जनपद के नागरिकों को निर्वाचन एवं मतदाता सेवाओं से संबंधित विभिन्न प्रकार की जानकारी, मार्गदर्शन एवं शिकायत निस्तारण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अजय नारायण सिंह ने बताया कि जनपद एटा का कोई भी नागरिक निर्वाचन संबंधी जानकारी प्राप्त करने, मतदाता सूची से संबंधित समस्या बताने अथवा शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल कर सकता है। इस नंबर पर प्राप्त होने वाली कॉल जिला स्तर पर स्थापित डिस्ट्रिक्ट कॉल सेंटर पर पहुंचेगी, जहां तैनात प्रशिक्षित कार्मिकों द्वारा नागरिकों की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं को सुनकर नियमानुसार आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि डिस्ट्रिक्ट कॉन्टेक्ट सेंटर के माध्यम से 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिकों के नवीन मतदाता पंजीकरण एवं फॉर्म-6 भरने, मतदाता सूची में नाम, पता, आयु एवं फोटो आदि में संशोधन के लिए फॉर्म-8, अपात्र एवं मृतक मतदाताओं के नाम विलोपन की प्रक्रिया तथा मतदाता सूची में अपना नाम खोजने संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही मतदाता पहचान पत्र (EPIC) के नए आवेदन, डाउनलोड एवं वितरण, निर्धारित मतदान केंद्र, बूथ संख्या, भाग संख्या तथा संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की जानकारी भी प्राप्त की जा सकेगी।

डिस्ट्रिक्ट कॉल सेंटर के माध्यम से मतदाता सूची, मतदाता पहचान पत्र, बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के कार्यों एवं अन्य निर्वाचन संबंधी समस्याओं की शिकायतें भी दर्ज की जाएंगी। प्राप्त शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) अथवा संबंधित अधिकारियों को प्रेषित कर उनके निस्तारण की स्थिति का अनुश्रवण भी किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं, मतदान प्रक्रिया, मतदाता सूची पुनरीक्षण, निर्वाचन कार्यक्रम, वोटर हेल्पलाइन ऐप एवं मतदाता पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन सेवाओं तथा मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों के संबंध में भी जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि डिस्ट्रिक्ट कॉन्टेक्ट सेंटर की स्थापना का मुख्य उद्देश्य नागरिकों एवं निर्वाचन प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना, मतदाताओं को एक ही स्थान पर निर्वाचन संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं एवं शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना है।

जिला प्रशासन द्वारा जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की गई है कि निर्वाचन एवं मतदाता सूची से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी, समस्या अथवा शिकायत के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क करें तथा इस सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठाएं।

Leave a Comment