सांपों की सूचना पर सक्रिय हुई जी ब्लॉक सुधार समिति, वन विभाग की टीम के साथ हनुमान पार्क का गहन निरीक्षण,समिति ने वन विभाग की टीम का जताया आभार
आगरा। कमला नगर के जी ब्लॉक स्थित हनुमान पार्क में लगभग छह फुट लंबे दो सांप कई बार दिखाई देने की सूचना के बाद क्षेत्रीय नागरिकों में व्याप्त भय को दूर करने के लिए जी ब्लॉक सुधार समिति ने सक्रिय पहल की है। पूर्व में इस समस्या को लेकर समिति के अध्यक्ष राजीव वर्मा ने संबंधित वन्यजीव विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। इसी क्रम में आज जी ब्लॉक सुधार समिति के अध्यक्ष राजीव वर्मा ने वन विभाग की टीम के साथ हनुमान पार्क एवं उसके आसपास के क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने पार्क और आसपास के संभावित स्थानों का जायजा लिया, लेकिन इस दौरान सांप दिखाई नहीं दिए। हालांकि, पहले कई बार सांप दिखाई देने की सूचना मिलने के कारण समिति ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय टीम के साथ मौके पर निरीक्षण कराया, ताकि किसी भी संभावित खतरे को लेकर आवश्यक सतर्कता बरती जा सके।
जी ब्लॉक सुधार समिति के अध्यक्ष राजीव वर्मा ने बताया कि हनुमान पार्क कॉलोनी के बच्चों, बुजुर्गों और अन्य नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल है। यहां सांप दिखाई देने की खबर से स्थानीय निवासियों और बच्चों के अभिभावकों में चिंता का माहौल था। समिति का प्रयास है कि संबंधित विभाग के सहयोग से समस्या का समाधान हो और नागरिक बिना किसी अनावश्यक भय के पार्क का उपयोग कर सकें।
उन्होंने वन विभाग की टीम द्वारा सूचना पर संज्ञान लेते हुए मौके पर पहुंचने और निरीक्षण करने के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही, भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर तत्काल संपर्क स्थापित करने के उद्देश्य से टीम से हेल्पलाइन नंबर भी प्राप्त किया, जिससे दोबारा सांप दिखाई देने की स्थिति में समय रहते विभाग को सूचना दी जा सके।
समिति ने नागरिकों से अपील की कि यदि पार्क या आसपास कहीं सांप दिखाई दे, तो उसके नजदीक जाने, उसे पकड़ने अथवा मारने का प्रयास न करें। बच्चों को उस स्थान से दूर रखें और तुरंत वन विभाग की रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
इस अवसर पर जी ब्लॉक सुधार समिति के पदाधिकारी अनुज जैन, जगत गुप्ता, नीरज शर्मा, सुनील राठौर, बबल, टिंकू, सुमित अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जी ब्लॉक सुधार समिति ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और कॉलोनी की समस्याओं का समाधान समिति की प्राथमिकता है। समिति आगे भी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत रहेगी।















