*योगी सरकार के 12 करोड़ से संवरी जनकपुरी, 48.58 लाख से जगमगाएंगी सड़कें*
*- महोत्सव क्षेत्र के प्रमुख चौराहों और लिंक मार्गों पर लगेंगे 16 मिनीमास्ट और 100 नई एलईडी लाइटें*
*- जनक महल के समीप 19 सजावटी डेकोरेटिव पोल बढ़ाएंगे मिथिला नगरी की छटा*
*- सुरक्षा के मद्देनजर एनएच-02 से भावना एस्टेट तक के सभी पोल होंगे करंट मुक्त*
*आगरा, 03 अक्टूबर।* उत्तर भारत के ऐतिहासिक और बहुप्रतीक्षित जनकपुरी महोत्सव को लेकर ताजनगरी में तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में हैं। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की विशेष पहल पर इस वर्ष जनकपुरी क्षेत्र भावना एस्टेट और उसके आसपास का 12 करोड़ रुपये की लागत से अभूतपूर्व कायाकल्प किया जा रहा है। इस बजट से क्षेत्र में नई सड़कों का निर्माण, पक्की नालियां, खड़ंजा और सुंदरीकरण के कार्य युद्धस्तर पर चल रहे हैं। इसी विकास की कड़ी में अब मिथिला नगरी को दूधिया रोशनी से नहलाने की तैयारी है। नगर निगम के विद्युत एवं यांत्रिक विभाग ने जनकपुरी क्षेत्र में करीब 48.58 लाख रुपये की अनुमानित लागत से वृहद मार्ग प्रकाश व्यवस्था का मास्टर प्लान तैयार कर लिया है।
*सड़कों और लिंक मार्गों पर लगेंगे नए पोल और लाइटें*
जनकपुरी महोत्सव के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए प्रमुख मार्गों और कॉलोनियों को विशेष रूप से रोशन किया जाएगा। बुलट अड्डा शोरूम से रोशन विहार और सावित्री देवी हॉस्पिटल के आसपास के मार्गों पर 7 मीटर ऊंचे 32 जीआई पोल और एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। वहीं महर्षिपुरम, गोविंदपुरी, दुर्गेशपुरी, विनायक नगर और भावना एस्टेट से जुड़ी सभी लिंक सड़कों पर 7.5 मीटर ऊंचाई के 60 ट्यूबलर पोल और 60 नई एलईडी लाइटें स्थापित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त, महोत्सव क्षेत्र में आवश्यकतानुसार 90 वाट की 100 अतिरिक्त एलईडी लाइटें भी लगाई जाएंगी, ताकि पूरे इलाके में चप्पे-चप्पे पर पर्याप्त रोशनी रहे।
*सजावटी पोल और मिनीमास्ट से निखरेगी सुंदरता*
यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर 16 स्थानों पर 9 मीटर ऊंचे मिनीमास्ट लगाए जाएंगे। इनमें उमा कुंज, महर्षिपुरम तिराहा, स्पंदन हॉस्पिटल और भावना एस्टेट के प्रमुख हिस्से शामिल हैं। जनकपुरी की भव्यता को और निखारने के लिए नेपाल के जनकपुर महल की थीम पर बन रहे जनकपुरी महल के पास वाले मार्ग पर 19 सजावटी (डेकोरेटिव) पोल लगाए जाएंगे। इसके अलावा सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए एनएच- 02 से भावना एस्टेट तक के करीब 100 प्रकाश बिंदुओं को पोल कवर और जंक्शन बॉक्स लगाकर पूरी तरह करंट मुक्त (शॉक-प्रूफ) बनाया जा रहा है, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
*वर्जन-*
नगर निगम द्वारा जनकपुरी महोत्सव के मद्देनजर मार्ग प्रकाश व्यवस्था से जुड़े सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। 48.58 लाख रुपये की अनुमानित लागत से सड़कों, चौराहों और कॉलोनियों में पर्याप्त रोशनी की जा रही है। हमारा मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और शहरवासियों को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और पूरी जनकपुरी आकर्षक व सुरक्षित रोशनी में जगमगाती रहे। *- अजय कुमार राम, मुख्य अभियंता (विद्युत एवं यांत्रिक)*















