मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने किया प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र उसायनी का औचक निरीक्षण, नदारद मिले चिकित्सा अधिकारियों व कर्मियों का वेतन काटने के दिए निर्देश, स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर होगी कड़ी विभागीय कार्रवाई!
ब्यूरो रिपोर्ट BMF न्यूज
(राहुल शर्मा – पत्रकार फिरोजाबाद संपर्क: 9897134100,)
फिरोजाबाद। जनपद में आमजन को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा शासन द्वारा संचालित समस्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी, फिरोजाबाद द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र उसायनी का औचक निरीक्षण किया गया, जिसके दौरान स्वास्थ्य केन्द्र पर अनुपस्थित पाए गए चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अनुपस्थित अवधि का नियमानुसार वेतन काटने तथा संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध आवश्यक विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा स्वास्थ्य केन्द्र पर चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, ओपीडी सेवाओं, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सकीय सुविधाओं, आवश्यक औषधियों की उपलब्धता, स्वास्थ्य केन्द्र की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM), राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP), सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम (UIP), मातृ स्वास्थ्य, जननी सुरक्षा योजना (JSY), जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम (JSSK), राष्ट्रीय बाल व किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम, एनसीडी (NP-NCD), वेक्टर जनित रोग नियंत्रण, एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (IDSP), कुष्ठ, मानसिक स्वास्थ्य, अंधता, बधिरता, मुख स्वास्थ्य, वृद्धजन स्वास्थ्य, तंबाकू नियंत्रण, वायरल हेपेटाइटिस, एड्स नियंत्रण, परिवार कल्याण, कृमि मुक्ति, एनीमिया मुक्त भारत, फ्लोरोसिस, आयोडीन अल्पता, उपशामक देखभाल, जलवायु परिवर्तन, आयुष्मान भारत (PMJAY), आयुष्मान आरोग्य मंदिर, डिजिटल मिशन (ABDM), ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन, एनक्यूएएस (NQAS), स्वच्छता एवं संक्रमण नियंत्रण तथा ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (VHND/VHSND) जैसे कुल 35 प्रमुख राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन, समयबद्ध डाटा फीडिंग और निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति हेतु सख्त निर्देश जारी किए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा अनधिकृत अनुपस्थिति कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके तहत जनपद में औचक निरीक्षण का यह सिलसिला निरंतर जारी रहेगा।














