पेट्रोलमैन को एचटी लाइन पर चढ़ाया, करंट से झुलसा; जेई व एसएसओ के खिलाफ तहरीर
आगरा (बाह)। भदरोली बिजलीघर पर तैनात आउटसोर्सिंग पेट्रोलमैन राजेन्द्र सिंह से जबरन एचटी विद्युत लाइन पर काम कराना भारी पड़ गया। करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। पीड़ित के पुत्र रघुनाथ उर्फ महेन्द्र ने थाना बाह में अवर अभियंता (जेई) जितेन्द्र यादव और एसएसओ हरीश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है।
प्रार्थी के अनुसार, उनके पिता राजेन्द्र निवासी ग्राम भाऊपुरा भदरोली बिजलीघर पर पेट्रोलमैन हैं। आरोप है कि 22 अक्टूबर को दोपहर करीब दो बजे ग्राम इंद्रायनी में एचटी लाइन की खराबी ठीक करने के लिए बिना शटडाउन, अर्थिंग और सुरक्षा उपकरणों के उन्हें लाइनमैन की जगह खंभे पर चढ़ा दिया गया। करंट लगने से उनके हाथ, पैर और छाती बुरी तरह झुलस गए। पीड़ित पक्ष ने बिजलीघर के शटडाउन व ड्यूटी रजिस्टर सहित अन्य रिकॉर्ड सुरक्षित कर दोनों जिम्मेदार कर्मचारियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।














