मिशन’ के नाम पर मजदूर बनता जमीनी पत्रकार- शंकर देव तिवारी
आज जब मीडिया के बड़े-बड़े कॉर्पोरेट घरानों और चकाचौंध भरे स्टूडियोज की बात होती है, तो पत्रकारिता का एक दूसरा स्याह और कड़वा चेहरा अक्सर ओझल हो जाता है। यह चेहरा है—जमीनी संवाददाता (स्ट्रिंगर) और कस्बे-गांवों में काम करने वाले उस पत्रकार का, जो बिना किसी निश्चित मानदेय, बिना किसी सामाजिक सुरक्षा और बिना किसी साधन के हर दिन ‘पत्रकारिता के धर्म’ को जिंदा रखे हुए है।सब कुछ होकर भी बेबसी का आलमएक आम संवाददाता की सबसे बड़ी त्रासदी यह है कि उसे पत्रकार तो मान लिया जाता है, लेकिन वह व्यापारिक गुणा-भाग और ‘जुगाड़’ की संस्कृति से कोसों दूर रहता है। फील्ड में निकलने के लिए न गाड़ी है, न कोई साइकिल देने वाला है। लाठी, डंडा या चापलूसी की कैंची चलाना इस जमात को कभी आया ही नहीं। नतीजा यह है कि सब कुछ (योग्यता, लगन और जज्बा) होकर भी हाथ खाली रहते हैं और जीवन बेबसी का एक अंतहीन किस्सा बनकर रह जाता है।तीन बजे की सुबह और चाय का इंतजारअखबार सुबह चार बजे बस स्टैंड पर पहुंचता है, लेकिन एक जमीनी पत्रकार की सुबह तीन बजे ही हो जाती है। भले ही उसका मुख्य काम अखबार का वितरण करना न हो, लेकिन खबरों की विश्वसनीयता और समय की पाबंदी उसे एजेंट के आने से पहले ही वहां खड़ा कर देती है। सुबह की उस कपकपाती ठंड या थकान के बीच, मुख्य एजेंट के आने के बाद मिलने वाली एक प्याली चाय ही उस वक्त का सबसे बड़ा संबल होती है।इसके बाद शुरू होता है अखबारों की गिनती और हिसाब-किताब का खेल। इस आपाधापी के बीच यदि कहीं कोई बड़ी घटना घट जाए, तो बिना समय गंवाए उधर ही दौड़ पड़नी होती है। खबर बनाना, उसे मुख्यालय तक भिजवाना और यह सुनिश्चित करना कि वह समय पर पहुंचे—यह एक ऐसा चक्रव्यूह है जिसमें वह रोज फंसता है।विज्ञापनों का बोझ और आत्मसम्मान का भंजनतीज-त्योहारों का समय आते ही अखबारों में विज्ञापनों की बाढ़ आ जाती है। प्रबंधन का दबाव जमीनी संवाददाताओं पर बढ़ जाता है। जैसे-तैसे, व्यक्तिगत संबंधों के दम पर यदि कोई विज्ञापन मिल भी गया, तो असली परीक्षा उसकी वसूली के समय होती है। विज्ञापन देने वाले के चक्कर काटना, मिन्नतें करना और अंत में जब वह पैसे देने से मुकर जाए या टालमटोल करे—तब उस पत्रकार के आत्मसम्मान पर जो चोट लगती है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। कोई तय सैलरी नहीं है, सम्मान सड़कों पर पैदल चल रहा है और पत्रकार ‘मिशन’ के नाम पर सिर्फ एक बंधुआ मजदूर बनकर रह गया है। विडंबना देखिए, विज्ञापन लगने के बाद उस व्यापारी से दोबारा नजरें मिलाने तक की हिम्मत नहीं बचती।मुख्यालय की उपेक्षा और दर्द का बढ़नादिनभर कचहरी के चक्कर काटना, धूप में तपना और भाग-दौड़ करने के बाद जब संवाददाता अपनी कोई खबर पूरी मेहनत से भेजता है, तो अगले दिन अखबार खोलते ही उसकी उम्मीदें टूट जाती हैं। उसकी भेजी हुई जनहित की खबर को जगह नहीं मिलती। इसके विपरीत, मुख्यालय में बैठे रसूखदारों और ‘करीबियों’ की मामूली खबरें भी प्रमुखता से छपी दिखती हैं। यह भेदभाव दिल के दर्द को और बढ़ा देता है।यह केवल एक पत्रकार का ‘आत्म लोचन’ नहीं है, बल्कि पूरी व्यवस्था के सामने एक ‘आत्म भंजन’ है। यह उस व्यवस्था पर सवाल है जो खबरों के महल तो खड़े करना चाहती है, लेकिन उसकी नींव में दबे इस ‘मिशनरी मजदूर’ के आंसुओं को देखना नहीं चाहती। कलम और कागज का यह कड़वा सार आज के मीडिया जगत का सबसे बड़ा सच है।
















