मिर्जापुर के दोहरी गांव में मामूली विवाद में वृद्ध की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, गांव में तनाव
जमालपुर (मिर्जापुर):

थाना क्षेत्र के ग्राम दोहरी में मामूली कहासुनी के बाद हुए खूनी संघर्ष में एक बुजुर्ग की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की शाम करीब 7:30 बजे दोहरी निवासी 60 वर्षीय छयबर बियार गली से गुजर रहे थे। उसी दौरान उनके पड़ोसी मुन्नू अंसारी की पुत्री भी वहां से गुजर रही थी। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और विवाद हो गया। विवाद बढ़ता देख आक्रोशित होकर युवती के परिजन नसीम अंसारी तथा सद्दाम अंसारी ने लाठी-डंडे लेकर छयबर बियार पर जानलेवा हमला बोल दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल वृद्ध लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी व थानाध्यक्ष जमालपुर मय पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल छयबर को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों से तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में मौके पर शांति एवं कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।















