*कलाकुंज जैन मंदिर में हुआ आचार्यश्री सौभाग्य सागर जी ससंघ का मंगल प्रवेश-भगवान महावीर स्वामी का 108 कलशों से हुआ महामस्तकाभिषेक*
आगरा।कलाकुंज-मारुति स्टेट स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में गुरुवार को आचार्यश्री सौभाग्य सागर जी महाराज ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ हुआ।आचार्य श्री के मंदिर परिसर में आगमन पर कलाकुंज जैन समाज के भक्तों ने भक्ति भाव, जयकारों और मंगल अगवानी के साथ उनका भावपूर्ण स्वागत किया।आचार्यश्री के मंगल प्रवेश से संपूर्ण मंदिर परिसर धर्ममय हो गया।इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आचार्यश्री के दर्शन कर उनका मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।मंगल प्रवेश के उपरांत आचार्यश्री सौभाग्य सागर जी महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य में भगवान महावीर स्वामी का 108 कलशों से भव्य महामस्तकाभिषेक विधि- विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। अभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भगवान का जलाभिषेक एवं पूजन कर पुण्यार्जन किया। जैसे-जैसे कलशों से भगवान का अभिषेक हुआ, पूरा मंदिर परिसर भगवान महावीर स्वामी के जयकारों से गुंजायमान होता रहा। श्रद्धालुओं में इस धार्मिक आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
इसके साथ ही आचार्यश्री के मंगल सान्निध्य में विश्व में सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगल की कामना के साथ विधि-विधानपूर्वक श्रीजी की वृहद शांतिधारा भी संपन्न कराई गई। धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा के साथ सहभागिता की।कार्यक्रम के पश्चात आचार्यश्री ने अपने मंगल उद्बोधन में धर्म,संयम,सदाचार एवं जिनवाणी के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने श्रद्धालुओं को जीवन में धार्मिक संस्कारों को अपनाने और आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश दिया।मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने बताया कि आचार्यश्री सौभाग्य सागर जी महाराज ससंघ का मंगल विहार 13 नवंबर को प्रातः 7 बजे कलाकुंज जैन मंदिर से बोदला चौराहे होते हुए सेक्टर-4 स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर के लिए होगा।इस अवसर पर रविन्द्र जैन, राजेन्द्र जैन, अजय जैन,आदित्य जैन,राजीव जैन,दीपांक जैन, रिखबचंद जैन,महेश जैन, दीपचंद जैन,दिव्यांशु जैन,कपिल जैन, रोहित जैन, विकास जैन,दीपक जैन,शुभम जैन सहित समस्त कलाकुंज मंदिर कमेटी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या जैन समाज के लोग उपस्थित रहे।















