बाह के उगनपुरा में बनेगा भव्य खेल स्टेडियम, यूपी कैबिनेट ने 2.476 हेक्टेयर भूमि के निःशुल्क हस्तांतरण को दी मंजूरी

आगरा / लखनऊ। चंबल के बीहड़ और ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में आगरा जिले के बाह विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत उगनपुरा में नए खेल स्टेडियम के निर्माण हेतु भूमि हस्तांतरण के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी गई है।
कैबिनेट के निर्णय के अनुसार, ग्राम उगनपुरा स्थित गाटा संख्या-181 की 2.476 हेक्टेयर भूमि, जो वर्तमान में युवा कल्याण विभाग के नाम दर्ज है, उसे अब खेल विभाग को निःशुल्क हस्तांतरित किया जाएगा। भूमि हस्तांतरण की इस प्रक्रिया से राज्य सरकार के खजाने पर कोई अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं पड़ेगा।
23.29 करोड़ की लागत से तैयार होंगी आधुनिक सुविधाएं
खेल विभाग को जमीन मिलने के साथ ही अब स्टेडियम निर्माण का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। इस परियोजना पर लगभग 23.29 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। प्रस्तावित योजना के तहत स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए 400 मीटर का एथलेटिक्स ट्रैक, मल्टी-स्पोर्ट्स इंडोर हॉल, क्रिकेट मैदान और अन्य आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच
बैठक के बाद प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए कहा कि बाह में स्टेडियम बनने से ग्रामीण क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए बेहतर मंच मिलेगा। इससे स्थानीय युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार हो सकेंगे। साथ ही, निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
वहीं, फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर और स्थानीय खेल प्रेमियों ने इस फैसले पर हर्ष व्यक्त किया है। सांसद ने कहा कि वर्षों से बाह क्षेत्र में एक स्तरीय स्टेडियम की मांग की जा रही थी। इसके निर्माण से ग्रामीण युवाओं को अब खेल प्रशिक्षण के लिए आगरा शहर या अन्य महानगरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।
















