सरस्वती विद्या मंदिर में एनडीआरएफ ने कराई आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल
विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का दिया प्रशिक्षण
एटा। सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, एटा के मैदान में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की गाजियाबाद से पधारी टीम द्वारा आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास में एनडीआरएफ के साथ फायर ब्रिगेड, पीएसी, पुलिस बल, मेडिकल स्टाफ, स्थानीय प्रशासन एवं विद्यालय की स्थानीय इकाई ने सहभागिता की। मॉक ड्रिल के माध्यम से विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को आपातकालीन परिस्थितियों में सजगता, सूझबूझ और समन्वय के साथ कार्य करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर एनडीआरएफ के कमांडेंट पवन देव गौर ने आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि विद्यालय में किसी भी आपदा की स्थिति उत्पन्न होने पर सर्वप्रथम अलार्म बजाकर सभी को सचेत करना चाहिए। इसके उपरांत स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों से प्राथमिक बचाव एवं राहत कार्य प्रारंभ करना चाहिए तथा तत्काल प्रशासन को सूचना देनी चाहिए। प्रशासन के माध्यम से सभी संबंधित विभागों एवं इकाइयों को एक साथ सूचना प्राप्त हो जाती है, जिससे त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है। उन्होंने कहा कि आकस्मिक आपदाओं से बचाव के लिए प्रत्येक व्यक्ति का प्रशिक्षित होना आवश्यक है। आपदा की स्थिति में आंखों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, क्योंकि आंखों से प्राप्त दृश्य संकेतों के आधार पर हमारा मस्तिष्क परिस्थिति का आकलन कर उचित निर्णय लेने में सहायता करता है।
कार्यक्रम में एडीएम वित्त एवं राजस्व तथा जिला आपदा प्रबंधन प्रभारी अधिकारी चंद्र प्रकाश पाठक ने कहा कि आपदा प्रबंधन में विभिन्न विभागों एवं घटकों के बीच बेहतर समन्वय सबसे अधिक महत्वपूर्ण होता है। आपदा कभी भी अचानक आ सकती है, इसलिए पूर्व तैयारी एवं जागरूकता ही संकट के समय सबसे अधिक उपयोगी सिद्ध होती है। उन्होंने बताया कि कुछ आपदाएं प्राकृतिक होती हैं, जबकि कुछ मानवीय लापरवाही के कारण उत्पन्न होती हैं। सरकार एवं प्रशासन द्वारा समय-समय पर आपदा प्रबंधन के प्रशिक्षण आयोजित किए जाते हैं। प्रत्येक विद्यालय में इस प्रकार का प्रशिक्षण आवश्यक है, ताकि आपदा की स्थिति में सबसे पहले स्थानीय स्तर पर ही प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया जा सके।
विद्यालय के प्रबंधक अतुल राठी ने एनडीआरएफ एवं स्थानीय प्रशासन की सभी सहयोगी टीमों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के व्यावहारिक प्रशिक्षण विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में आत्मविश्वास, जागरूकता और संकट के समय सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करते हैं।
इस अवसर पर जिला आपदा विशेषज्ञ राणा प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार आकाश लवानिया, एनडीआरएफ इंस्पेक्टर नितेंद्र शर्मा, डॉ. आकाश वर्मा, डॉ. अनिक सक्सेना, विद्यालय के उपप्रधानाचार्य संजीव कुमार मिश्रा, शैक्षिक प्रमुख प्रेमचंद, प्रचार-प्रसार प्रमुख डॉ. अरुण राजोरिया, रमन प्रताप सिंह, केशव मिश्रा, आलोक त्रिवेदी सहित समस्त विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार को आपदा के समय घबराने के स्थान पर धैर्य, सतर्कता, तत्परता और सामूहिक सहयोग के साथ कार्य करने के लिए तैयार करना रहा।
















