पंकज कुमार यादव की खास रिपोर्ट।
प्रयागराज के हंडिया में सपा जिला सचिव पवन यादव की हत्या, इलाके में तनाव – भारी फोर्स तैनात।
प्रयागराज / हंडिया। हंडिया थाना क्षेत्र के कर्मनाशा मोहल्ले में मंगलवार शाम समाजवादी पार्टी के जिला सचिव और पूर्व ग्राम प्रधान पवन कुमार यादव (50) की बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना हंडिया थाने से करीब 500 मीटर की दूरी पर एक कैफे के पास हुई। वारदात के बाद से पूरे हंडिया इलाके में तनाव का माहौल है।
कैसे हुई वारदात
मंगलवार शाम करीब 3 बजे पवन यादव अपनी कार से हंडिया कस्बे आए थे। बाइक पर आए तीन हमलावरों ने पीछे से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और फरार हो गए। परिजनों के अनुसार किसी के बुलाने पर वह घर से निकले थे।
ताजा अपडेट: तीन आरोपी गिरफ्तार, पुरानी रंजिश में हत्या
पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है – जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला यादव, बृजेश यादव और निहाल अली। तीनों आरोपी मुंगराव गांव के ही रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक निहाल बाइक चला रहा था, बृजेश बीच में और लल्ला पीछे बैठा था और लल्ला ने ही फायर किया था। वारदात में इस्तेमाल बाइक और दो तमंचे बरामद कर लिए गए हैं। पूछताछ में लल्ला ने बताया कि 20 हजार रुपये में तमंचे और कारतूस खरीदे गए थे।
मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ लल्ला हिस्ट्रीशीटर है, उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट समेत दर्जनभर से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार उसे शक था कि पवन यादव ने उसके खिलाफ पुलिस को सूचना दी थी, इसी रंजिश में हत्या की गई।
मौके पर भारी फोर्स, माहौल तनावपूर्ण
हत्या के बाद से हंडिया कस्बे में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। पवन यादव के शव का पोस्टमार्टम बुधवार को एसआरएन अस्पताल परिसर स्थित पोस्टमार्टम हाउस में कराया जा रहा है।
सुबह से ही हंडिया, सिविल लाइंस समेत कई थानों की पुलिस फोर्स पोस्टमार्टम हाउस और हंडिया इलाके में तैनात रही। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बड़ी संख्या में सपा नेता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है।















