*#एटा…*
*पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल कराने में लापरवाही न बरतें: जिला निर्वाचन अधिकारी*
*जिला निर्वाचन अधिकारी एम. अरुन्मोली ने अविनाशी सहाय आर्य इंटर कॉलेज के बूथों का किया निरीक्षण*
*फॉर्म-6, 7 एवं 8 के आवेदनों की समीक्षा कर नियमानुसार सत्यापन के दिए निर्देश*
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत विशेष बूथ दिवस पर जिला निर्वाचन अधिकारी एम. अरुन्मोली ने 104-एटा सदर विधानसभा क्षेत्र के अविनाशी सहाय आर्य इंटर कॉलेज स्थित बूथ संख्या 100, 101 एवं 102 का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, प्राप्त आवेदनों तथा मतदाता सूची में नाम जोड़ने एवं संशोधन की कार्यवाही की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान दोपहर 12 बजे तक बूथ संख्या 100 पर पांच फॉर्म-6 प्राप्त होना बताया गया। बूथ संख्या 101 पर 9 फॉर्म-6 एवं 4 फॉर्म-7 तथा बूथ संख्या 102 पर7 फॉर्म-6 एवं 1फॉर्म-7 प्राप्त होने की जानकारी दी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित बीएलओ को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों की जांच एवं आवश्यक सत्यापन के बाद ही नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम विलोपन के लिए फॉर्म-7 तथा मतदाता सूची में नाम, आयु एवं अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण किया जाए। फॉर्म-7 प्राप्त होने पर संबंधित प्रकरण का नियमानुसार सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए तथा आवश्यक जानकारी संबंधित उप जिला अधिकारी को उपलब्ध कराकर अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजय नारायण सिंह, उप जिलाधिकारी सदर श्वेता सिंह, तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय, नायब तहसीलदार आकाश लवानिया, बीएलओ नरेंद्र सिंह, नन्दनी गोस्वामी,नरेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
















