
परशुराम मॉडल स्कूल में प्रतिभा को मिला सम्मान, निःशुल्क प्रतिभा प्रोत्साहन परीक्षा एवं भाषण प्रतियोगिता का हुआ भव्य आयोजन
मेधावियों पर हुई पुरस्कारों की बौछार – प्रथम को 8000, द्वितीय को 6000, तृतीय को 4000, 12 छात्रों को 1800-1800, ‘AI: वरदान या अभिशाप’ पर गरजे छात्र-छात्राएं
जमालपुर (मिर्जापुर)। निज संवाददाता। विकास खंड जमालपुर के गोगहरा / लोढ़वाँ स्थित परशुराम मॉडल स्कूल में रविवार को शिक्षा का महाकुंभ देखने को मिला। माँ फूलझारी देवी ट्रस्ट, लोढ़वाँ के तत्वावधान में आयोजित निःशुल्क प्रतिभा प्रोत्साहन परीक्षा एवं भाषण प्रतियोगिता में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
ट्रस्ट के प्रबंध ट्रस्टी एवं बिहार सरकार के उद्योग विभाग के सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक श्री श्रीपति सिंह ने बताया कि ग्रामीण अंचल के गरीब और मेधावी बच्चों को आगे लाने के उद्देश्य से इस परीक्षा का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में क्षेत्र के दर्जनों विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8:30 बजे पंजीकरण के साथ हुई। सबसे पहले लिखित प्रतिभा प्रोत्साहन परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें सामान्य ज्ञान, विज्ञान, गणित और तार्किक क्षमता से जुड़े प्रश्न पूछे गए।
पुरस्कार पाकर खिले मेधावियों के चेहरे –
लिखित परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को मंच से नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया –
– प्रथम पुरस्कार (8000 रु.)
– द्वितीय पुरस्कार (6000 रु.)
– तृतीय पुरस्कार (4000 रु.)
– 12 सांत्वना पुरस्कार कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के चयनित छात्रों को 1800 रु. प्रति छात्र की दर से दिया गया।
पुरस्कार पाते ही छात्रों के चेहरे खुशी से खिल उठे और अभिभावकों ने ट्रस्ट के इस प्रयास की जमकर सराहना की।
‘AI: वरदान या अभिशाप’ पर हुई जोरदार बहस –
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में ‘AI: वरदान या अभिशाप’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर अपने विचार रखे। किसी ने AI को भविष्य का वरदान बताया तो किसी ने इसके दुष्प्रभावों से आगाह किया। छात्र-छात्राओं की तर्कशक्ति और अभिव्यक्ति क्षमता देखकर अतिथि भी दंग रह गए।
भाषण प्रतियोगिता के शीर्ष तीन विजेताओं के साथ-साथ एक छात्र व एक छात्रा को सांत्वना पुरस्कार के रूप में प्रमाण पत्र, स्मृति चिन्ह और सामान्य ज्ञान की पुस्तकें भेंट की गईं।
गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी –
इस अवसर पर सीएट कॉलेज ऑफ फार्मेसी के डायरेक्टर श्री राजीव शुक्ला, प्राविधिक शिक्षा के उपनिदेशक श्री रवि किशोर वर्मा, भारत सरकार के पूर्व उपनिदेशक श्री भारत भूषण सिंह, जिलाध्यक्ष धर्मदेव उपाध्याय, रजिस्ट्रार विशाल सिंह, डॉ. संजय कुमार सिंह सहित कई शिक्षाविद मौजूद रहे।
सभी अतिथियों ने माँ फूलझारी देवी ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के आयोजन बच्चों के भविष्य को नई दिशा देते हैं।
अंत में ट्रस्टी श्रीपति सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के सामान्य जन का शैक्षणिक, तकनीकी, सामाजिक एवं सांस्कृतिक उत्थान करना है और यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री मोती लाल सिंह ने किया।
















