परिषदीय विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित हुए
आगरा । आज पूर्व माध्यमिक विद्यालय कन्या ईदगाह में भारत स्काउट एवं गाइड, उत्तर प्रदेश के अंतर्गत गीत मंच कार्यक्रम के तहत सामुदायिक गायन एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और सामुदायिक गायन के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर पर्यावरण जागरूकता अभियान के अंतर्गत बच्चों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के बारे में जागरूक किया गया। सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने तथा समाज में पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रसारित करने की शपथ ली।
कार्यक्रम में आगरा के अंबेडकर तक रोवर क्रू (स्वतंत्र) एवं मुमताज रेंजर टीम (स्वतंत्र) के रोवर-रेंजर सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता की।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका निधि श्रीवास्तव ने कार्यक्रम में पूर्ण सहयोग प्रदान किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को आगे आकर स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में रोवर अभिषेक शर्मा, पवन कुशवाहा, चिराग, संदीप तथा रेंजर आयुषी मिश्रा, खुशबू राठौर, मनीषा, ज्योति एवं सोनिका उपस्थित रहे। कार्यक्रम के यूनिट प्रभारी विशाल कुमार के साथ विद्यालय की ओर से अफजल, समीना, ममता सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में सामुदायिक सहभागिता, सांस्कृतिक चेतना एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। इस आयोजन के माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ पर्यावरण ही स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य का आधार है।
















