एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को प्रभावित होने से रोके……. अरविंद सिंह चौहान 
———————————-
एटा । उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर जनपद में भी आवाज उठाई गई है। उ.प्र. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिलाध्यक्ष अरविन्द सिंह चौहान ने बताया कि एनएचएम संविदा कर्मचारी लंबे समय से स्वास्थ्य विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं तथा संगठन द्वारा समस्त जनपदों में दिनांक 22-9-26से 24-9-26 तक जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया गया तथा ज्ञापन में संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण तथा समान कार्य-समान वेतन की प्रमुख मांग रखी गई है।
इसके अलावा कर्मचारियों की तत्कालिक मांगों में 10 लाख रुपये का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा, डीए/ईपीएफ/एचआरए का लाभ, गैर-जनपद स्थानांतरण, अनुकंपा नियुक्ति, आउटसोर्स कर्मचारियों का समायोजन तथा नियमित भर्ती में 25 प्रतिशत आरक्षण शामिल हैं।
अरविंद चौहान ने कहा कि एनएचएम संविदा कर्मचारी स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसलिए उनकी जायज मांगों पर शासन एवं विभागीय अधिकारियों को गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर समय रहते कार्रवाई नहीं होती है तो संगठन द्वारा घोषित आंदोलन के कार्यक्रम के अनुसार 5, 6 एवं 7 अक्टूबर को काली पट्टी बांधकर विरोध, 8, 9 एवं 10 अक्टूबर को जनपद स्तर पर कार्य बहिष्कार तथा 12 अक्टूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
अरविन्द सिंह चौहान ने शासन एवं विभागीय अधिकारियों से मांग की कि एनएचएम संविदा कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कर स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित होने से बचाया जाए।















