*आगरा में श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ, 500 श्रमिकों का निःशुल्क चेकअप*
*- 6 से 8 अक्टूबर तक चलने वाले शिविर में श्रमिकों को मिल रहा मुफ्त चिकित्सकीय परामर्श*
*- स्वास्थ्य जांच के साथ मौके पर बांटे गए श्रम विभाग की कल्याणकारी योजनाओं के हितलाभ*
*- श्रमिकों के कल्याण, सम्मान और उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए निरंतर प्रयासरत योगी सरकार*
*आगरा, 06 अक्टूबर।* उत्तर प्रदेश की योगी सरकार समाज के हर वर्ग, विशेषकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले श्रमिकों के कल्याण और स्वास्थ्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आगरा में श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए तीन दिवसीय “श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर” की शुरुआत की गई है। मंगलवार को नुनिहाई स्थित आगरा फैक्ट्री ऑनर्स एसोसिएशन के सभागार में क्षेत्रीय विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने फीता काटकर इस शिविर का भव्य शुभारंभ किया।
*500 श्रमिकों को मिला निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श*
योगी सरकार की मंशानुरूप आयोजित इस शिविर के पहले दिन 500 औद्योगिक एवं निर्माण श्रमिकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी आगरा और कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के निर्देशन में विशेषज्ञ डॉक्टरों और पैरामेडिकल टीम ने श्रमिकों की जांच की। शिविर में स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ श्रम विभाग की कल्याणकारी योजनाओं, जैसे- आयुष्मान योजना, ई-श्रम कार्ड, छात्रवृत्ति, और मातृत्व हितलाभ की विस्तृत जानकारी दी गई। मौके पर ही पंजीकृत श्रमिकों को हितलाभ भी वितरित किए गए।
*श्रमिक हमारे देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़*
इस अवसर पर श्रमिकों को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने कहा कि श्रमिक हमारे देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ हैं। राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। यदि श्रमिक स्वस्थ रहेगा, तो कारखाना और उसका परिवार दोनों स्वस्थ रहेंगे। प्रदेश की योगी सरकार श्रमिकों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मैं सभी श्रमिकों से अपील करता हूं कि वे इस शिविर में आकर स्वास्थ्य लाभ लें और श्रम विभाग में अपना पंजीकरण अवश्य कराएं, ताकि सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ उन्हें मिल सके।
*श्रमिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा का रखा जा रहा विशेष ध्यान*
सहायक श्रमायुक्त शगुन ओमर ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा श्रमिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह ‘श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर’ 6 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक निरंतर जारी रहेगा। हमारा प्रयास है कि अधिक से अधिक श्रमिक यहां आकर निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाएं। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रम प्रवर्तन अधिकारी एसके सिन्हा ने किया। इस दौरान सहायक कारखाना निदेशक टीना भाटिया सहित श्रम विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।















