युवक के पेट में लगी गोली, आगरा रेफर; पूछताछ के लिए पुलिस की धर पकड़ जारी ।
बाह (आगरा)थाना क्षेत्र के गांव पटकुइयापुरा में गुरुवार शाम करीब साढ़े चार बजे युवक को गोली लगने से सनसनी फैल गई। गोली उसके पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर आगरा रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले में चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पटकुइयापुरा निवासी विष्णु (20) पुत्र हरिसिंह निषाद को आपसी विवाद के दौरान गोली लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे आगरा रेफर कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर घटना के कारणों और गोली चलाने वाले की भूमिका की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला युवकों के बीच आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।
इंस्पेक्टर डीपी तिवारी ने बताया कि युवक को गोली लगने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। तहरीर और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जाता है कि करीब दो माह पूर्व गांव में एक युवती के कुएं में गिरने की घटना के मामले में भी विष्णु दो अन्य लोगों के साथ जेल जा चुका है। पुलिस वर्तमान घटना के सभी पहलुओं को जोड़कर जांच कर रही है।
पुरानी रंजिश और विवाद के एंगल पर भी जांच:
पुलिस केवल गोली चलने की घटना की ही नहीं, बल्कि इसके पीछे संभावित पुरानी रंजिश और आपसी विवाद के पहलुओं की भी जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।








