प्रयागराज। मंत्री, महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, उत्तर प्रदेश, श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने प्रयागराज मंडल के जिला कार्यक्रम अधिकारियों एवं जिला प्रोबेशन अधिकारियों के साथ सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे सर्किट हाउस प्रयागराज में विभागीय योजनाओं की गहन समीक्षा बैठक की एवं अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभागीय योजनाओं को पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से शत प्रतिशत क्रियान्वयन कराना सुनिश्चित करें एवं समीक्षा में महिला कल्याण एवं बाल विकास द्वारा अब तक किए गए कार्यों की प्रगति के सापेक्ष संतोष व्यक्त करते हुए विशेषकर आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के प्रशिक्षण के साथ साथ केंद्र के पंजीकृत लाभार्थियों में अनौपचारिक शिक्षा के साथ साथ उनमें श्रेष्ठ आचरण एवं संस्कार को भी धारण कराए जाने हेतु प्रयास किए जाने के निर्देश दिए गए। समीक्षा बैठक से पूर्व संभव अभियान के अंतर्गत जागरूकता लाने हेतु “पोषण रैली” को हरी झंडी देकर रवाना किया गया, जिसमें लगभग 300 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने प्रतिभाग किया। साथ ही प्रदेश में लागू नवीन पोषाहार रेसिपी के क्रम में आंगनवाड़ी केंद्र के 2 गर्भवती, 2 धात्री महिलाओं तथा 6 माह से 6 वर्ष तक के 4 लाभार्थियों को अपने हाथों से नवीन पोषाहार के पैकेट दिए। माननीय मंत्री जी के हाथों से पोषाहार पाकर लाभार्थियों में अत्यधिक उत्साह एवं संतोष देखा गया। आंगनवाड़ी सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, बाल संरक्षण तथा महिला कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष फोकस करते हुए मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पहुँचाया जाए एवं योजनाओं का नियमित मॉनिटरिंग, जवाबदेही तथा जनहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया। बैठक में महिला कल्याण विभाग के उपनिदेशक सहित सभी जिलों के जिला प्रोबेशन अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारियों के साथ जनपद प्रयागराज के समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी भी उपस्थित रहे।









