*खरीफ मौसम-2026 : राजकीय बीज गोदामों पर बाजरा, मक्का एवं दलहनी फसलों के प्रमाणित बीज उपलब्ध*
*50 प्रतिशत अनुदान पर मिल रहे बीज, किसान समय से उठाएं लाभ*
*फसल विविधीकरण अपनाकर बढ़ाएं आय, पोषण सुरक्षा एवं भूमि की उर्वरता करें मजबूत*
एटा, 01 जुलाई, 2026 (सूचना विभाग)। खरीफ मौसम-2026 के दृष्टिगत जनपद के किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज समय से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद के सभी राजकीय बीज गोदामों पर बाजरा, मक्का एवं विभिन्न दलहनी फसलों के प्रमाणित बीज उपलब्ध करा दिए गए हैं। जिला कृषि अधिकारी ने जनपद के समस्त किसान भाइयों एवं बहनों से अपील की है कि वे अपने निकटतम राजकीय बीज गोदाम से समय पर बीज प्राप्त कर खरीफ फसलों की बुवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि बाजरा एवं मक्का के प्रमाणित बीज किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अनुदान की धनराशि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी, जिससे किसानों को योजना का लाभ पारदर्शी एवं सरल तरीके से प्राप्त हो सके।
जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से आह्वान किया कि वे खरीफ मौसम में केवल धान की खेती तक सीमित न रहकर बाजरा, मक्का एवं दलहनी फसलों का अधिकाधिक क्षेत्रफल में उत्पादन करें। इससे फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलेगा, भूमि की उर्वरा शक्ति में सुधार होगा, उत्पादन लागत में संतुलन आएगा तथा किसानों की आय में वृद्धि के साथ-साथ पोषण सुरक्षा भी सुदृढ़ होगी।
उन्होंने बताया कि बुधवार को जनपद के विभिन्न राजकीय बीज गोदामों पर किसानों को मिनी किट एवं प्रमाणित बीजों का वितरण भी किया गया। शासन की इस किसान हितैषी योजना के प्रति किसानों ने उत्साह दिखाते हुए अनुदानित बीज प्राप्त किए।
जिला कृषि अधिकारी ने सभी कृषकों से अनुरोध किया है कि वे शासन द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे अनुदानित प्रमाणित बीजों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा समय से बुवाई कर बेहतर एवं अधिक उत्पादन सुनिश्चित करें।जिला सूचना कार्यालय एटा 👆









