डॉक्टर दिवस पर चिकित्सकों का सम्मान, विशाल निशुल्क चिकित्सा शिविर में 240 मरीजों ने उठाया लाभ

आलोक त्रिपाठी की खास रिपोर्ट।

 

डॉक्टर दिवस पर चिकित्सकों का सम्मान, विशाल निशुल्क चिकित्सा शिविर में 240 मरीजों ने उठाया लाभ

 

फतेहपुर (मिर्जापुर), 1 जुलाई। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर फतेहपुर क्षेत्र में समाजसेवी एवं चिकित्सक डॉ. सूरज कुमार पटेल के संयोजन में डॉक्टर सम्मान समारोह एवं विशाल निशुल्क चिकित्सा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चिकित्सकों का सम्मान करना तथा ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना था।

 

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती मंजू सिंह, ब्लॉक प्रमुख जमालपुर रहीं। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा उपस्थित चिकित्सकों को डॉक्टर दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि चिकित्सक धरती पर ईश्वर का स्वरूप माने जाते हैं। वे अपने ज्ञान, सेवा और समर्पण से असंख्य लोगों को नया जीवन प्रदान करते हैं। समाज को उनके योगदान का सदैव सम्मान करना चाहिए।

 

इस अवसर पर अपेक्स हॉस्पिटल, चुनार के सहयोग से आयोजित विशाल निशुल्क चिकित्सा शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न रोगों से पीड़ित 240 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में मरीजों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक जांचें एवं दवाइयाँ उपलब्ध कराई गईं। ग्रामीणों ने इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया।

 

आयोजनकर्ता *डॉ. सूरज कुमार पटेल* ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि जरूरतमंद लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उनके निकट ही उपलब्ध हो सके।

 

कार्यक्रम में *ग्राम प्रधान चंद्रशेखर सिंह, डॉ. आर. के. पटेल, पूर्व प्रमुख आनंद सिंह ‘बंटू’, डॉ. एस. के. दुबे,* डॉ. संपूर्णानंद सहित अनेक चिकित्सक, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे जनसेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।

 

कार्यक्रम का सफल संचालन मुन्नू प्रसाद गुप्ता ने किया। अंत में आयोजक डॉ. सूरज कुमार पटेल ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, अपेक्स हॉस्पिटल चुनार की पूरी टीम, सहयोगियों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।

 

डॉक्टर दिवस के अवसर पर आयोजित यह सम्मान समारोह एवं निःशुल्क चिकित्सा शिविर क्षेत्र में चर्चा का विषय रहा तथा बड़ी संख्या में लोगों ने इसका लाभ उठाकर आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment