*प्रत्येक थाने पर बने पत्रकार-पुलिस समन्वय समिति: भारतीय मीडिया फाउंडेशन*।
*यूनियन ने सीएम योगी व डीजीपी से की मांग, कहा- इससे बढ़ेगी आपसी विश्वसनीयता*
वाराणसी डिवीजन, 10 मई। भारतीय मीडिया फाउंडेशन नेशनल कोर कमेटी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं पुलिस महानिदेशक से प्रदेश के प्रत्येक थाना स्तर पर ‘पत्रकार एवं पुलिस समन्वय समिति’ गठित करने की मांग की है।
भारतीय मीडिया फाउंडेशन नेशनल के संस्थापक एके बिंदुसार ने कहा कि क्षेत्रीय स्तर पर कुछ लोग एवं तथाकथित पत्रकार सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर माहौल खराब करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे। X, फेसबुक, इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर भ्रामक सूचनाएं तेजी से फैल रही हैं। इससे निष्पक्ष और स्वतंत्र पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों के सम्मान पर भी सवाल उठता है।
उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर पुलिस विभाग के साथ पत्रकारों की समन्वय समिति बनना अत्यंत आवश्यक है। इससे पुलिस और मीडिया के बीच मित्रता, संवाद और एक-दूसरे के प्रति विश्वसनीयता बढ़ेगी। आपसी समन्वय से अफवाहों पर तत्काल रोक लगेगी और क्षेत्र से लेकर प्रदेश स्तर तक शांति व्यवस्था कायम रखने में मदद मिलेगी।
बिंदुसार ने जोर देकर कहा कि इस पहल से आम जनता को त्वरित न्याय मिल सकेगा और पत्रकारिता की गरिमा भी बनी रहेगी। फाउंडेशन ने सरकार से इस दिशा में शीघ्र आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है।






