तहसील बार एसोसिएशन जलेसर की बड़ी कार्रवाई, दो अधिवक्ताओं की सदस्यता छह-छह वर्ष के लिए समाप्त, BMFNEWS

*तहसील बार एसोसिएशन जलेसर की बड़ी कार्रवाई, दो अधिवक्ताओं की सदस्यता छह-छह वर्ष के लिए समाप्त*

 

*तुर्रम सिंह राजपूत✍️*

जलेसर (एटा), 28 जुलाई। तहसील बार एसोसिएशन, जलेसर की कार्यकारिणी की बैठक में दो अधिवक्ताओं के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उनकी बार एसोसिएशन की सदस्यता छह-छह वर्ष के लिए समाप्त करने का सर्वसम्मत निर्णय लिया गया। यह निर्णय मंगलवार को अध्यक्ष रामेश्वर सिंह यादव एडवोकेट की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया।

बार एसोसिएशन द्वारा जारी प्रस्ताव/कार्यवाही के अनुसार अधिवक्ता नवनीत कुमार एडवोकेट को पूर्व में नोटिस जारी किया गया था। आरोप है कि उन्होंने बार एसोसिएशन की निबंधन प्रणाली के विरोध में धरना-प्रदर्शन के दौरान बार पदाधिकारियों के प्रति अमर्यादित एवं अनुशासनहीन व्यवहार किया तथा बाद में संगठन के अध्यक्ष एवं महासचिव के विरुद्ध कथित रूप से भ्रामक शिकायतें भी प्रस्तुत कीं। कार्यकारिणी ने प्रस्तुत स्पष्टीकरण को असंतोषजनक मानते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई का निर्णय लिया।

इसी प्रकार बृजकिशन शर्मा एडवोकेट के संबंध में भी कार्यकारिणी ने आरोपों पर विचार किया। प्रस्ताव में उल्लेख किया गया है कि उन्हें भी पूर्व में नोटिस जारी किया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि में संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं हुआ। कार्यकारिणी ने उनके व्यवहार को अधिवक्ता आचरण एवं संगठनात्मक अनुशासन के प्रतिकूल मानते हुए कार्रवाई की संस्तुति की।

बैठक में उपस्थित कार्यकारिणी सदस्यों ने सर्वसम्मति से दोनों अधिवक्ताओं की तहसील बार एसोसिएशन, जलेसर की सदस्यता छह-छह वर्ष के लिए समाप्त करने का निर्णय पारित किया। साथ ही स्पष्ट किया गया कि इस अवधि में बार एसोसिएशन की ओर से उन्हें किसी प्रकार का संगठनात्मक सहयोग उपलब्ध नहीं कराया जाएगा।

बार एसोसिएशन ने प्रस्ताव की प्रतिलिपि तहसील परिसर स्थित न्यायालयों, उपनिबंधक कार्यालय तथा प्रकाशन हेतु समाचार पत्रों को भेजने का भी निर्णय लिया।

Leave a Comment