*आगरा की बेटी डॉ. मिताली गर्ग ने एमबीबीएस में गोल्ड मेडल जीतकर बढ़ाया शहर का गौरव*
आगरा। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, बदायूँ (उत्तर प्रदेश) के एमबीबीएस 2021 बैच में सभी विषयों में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर गोल्ड मेडलिस्ट बनने वाली डॉ. मिताली गर्ग ने अपनी असाधारण प्रतिभा, अथक परिश्रम एवं लगन से आगरा शहर का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर परिवार, गुरुजन एवं शुभचिंतकों में हर्ष का वातावरण है। डॉ. मिताली गर्ग के पिता श्री कौशल किशोर गर्ग (सुपुत्र स्वर्गीय कैलाश चंद्र गर्ग, गोल्ड पैलेस, किनारी बाजार, आगरा) ने विपरीत परिस्थितियों में अपनी तीनों पुत्रियों का पालन-पोषण कर उन्हें उच्च शिक्षा दिलाई और सफलता के शिखर तक पहुँचाया। डॉ. मिताली गर्ग की माताजी स्वर्गीय श्रीमती कल्पना गर्ग का निधन उनके बचपन में रोड रेज की एक दुखद घटना में हो गया था। इसके बावजूद उनके पिता ने अदम्य साहस, त्याग और दृढ़ संकल्प के साथ अपनी बेटियों का भविष्य संवारा। तीनों पुत्रियों ने अपनी स्वर्गीय माताजी की हार्दिक इच्छा को साकार करते हुए परिवार का नाम रोशन किया। परिवार की बड़ी पुत्री रिद्धिमा गर्ग जर्मनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। उन्होंने स्वयं को सफल बनाने के साथ-साथ अपनी दोनों बहनों को आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। सबसे छोटी पुत्री गुंजन गर्ग गुजरात से अपनी उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। इस गौरवपूर्ण सफलता में परिवार के सभी भाई-बहनों, परिजनों एवं शुभचिंतकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। डॉ. मिताली गर्ग की यह उपलब्धि युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। यह सिद्ध करती है कि कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प, पारिवारिक संस्कार और सकारात्मक सोच के बल पर हर कठिन लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। इस अवसर पर श्रीमती शांति गर्ग (दादी), श्री कौशल किशोर गर्ग, श्री अक्षत गुप्ता, श्री विवेक गर्ग एवं श्रीमती पायल गर्ग सहित उनके शिक्षक राजेंद्र पाराशर सर ने डॉ. मिताली गर्ग को स्वर्णिम सफलता पर हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ईश्वर उन्हें उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, यश एवं चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएँ प्रदान करने की शक्ति दें, जिससे वे समाज, राष्ट्र और मानवता की निस्वार्थ सेवा कर देश का गौरव बढ़ाएँ।








