*भीषण गर्मी में ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक कर्मियों का बढ़ाया गया उत्साह, के. एस.रॉयल एनफील्ड के सौजन्य से डीएम-एसएसपी ने वितरित कीं ठंडे पानी के लिए थर्मोस्टेट स्टील बोतलें व तौलिये*
जनपद के प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे ट्रैफिक कर्मियों को भीषण गर्मी के बीच राहत प्रदान करने हेतु आज माया पैलेस चौराहे पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद की के एस रॉयल एनफील्ड एजेंसी के सौजन्य से ट्रैफिक कर्मियों को ठंडे पानी की 50 थर्मोस्टेट बोतलें एवं एक-एक तौलिया वितरित किया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि ट्रैफिक कर्मी प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों एवं तेज धूप के बीच अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य एवं सुविधाओं का ध्यान रखना भी आवश्यक है,जनसहयोग एवं अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक प्रतिष्ठानों द्वारा आयोजित यह कार्यकम जन सहयोग की सराहनीय पहल है।
कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पूरी लगन एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। ट्रैफिक कर्मियों ने इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगम लाल अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय,अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेंद्र सिंह, सीओ सिटी कृतिका सिंह, सीओ यातायात संजय सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद निहाल सिंह सहित एजेंसी संचालक धीरेन्द्र चौहान तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति आदि उपस्थित रहे।जिला सूचना कार्यालय एटा 👆









