*आगरा की पावन धरा पर कल (29 नवंबर) पहुंचेगी भाजपा की ‘समरसता संकल्प यात्रा’, जीआईसी मैदान में होगा भव्य आयोजन*
आगरा। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा जालंधर से काशी तक निकाली जा रही ‘समरसता संकल्प यात्रा’ कल, रविवार 29 नवंबर को मथुरा से प्रस्थान कर आगरा की पावन धरा पर प्रवेश करेगी। शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई यह यात्रा जीआईसी (GIC) मैदान पर पहुंचेगी, जहाँ यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा द्वारा संत रविदास जी के सम्मान में जीआईसी मैदान पर एक विशाल ‘समरसता सभा’ का आयोजन भी किया जाएगा। इस सभा में गुरु रविदास जी महाराज के सैकड़ों अनुयायियों, साधु-संतों और स्थानीय नागरिकों के बड़ी संख्या में शामिल होने की संभावना है। कल होने वाले इस भव्य कार्यक्रम और सभा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के मद्देनजर, आज शनिवार (28 नवंबर) को जीआईसी मैदान पर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन और यज्ञ संपन्न किया गया। पूजन के पश्चात वरिष्ठजनों ने कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा, यातायात और आगंतुकों की सुविधाओं को लेकर गहन विचार-विमर्श किया तथा आयोजन को ऐतिहासिक व सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक जिम्मेदारियाँ सौंपी।
















