*जिला निर्वाचन अधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने 105 मारहरा विधानसभा के विभिन्न मतदेय स्थलों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के दिए निर्देश*
——————————————–
*बीएलओ को प्राप्त फार्मों की शीघ्र ऑनलाइन फीडिंग करने तथा विद्यालयों में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश*
——————————————–
*18-19 आयु वर्ग के युवा एवं महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर दिया जोर, 80 एवं 100 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं का सत्यापन करने के निर्देश*
*एटा, 28 नवम्बर 2026 (सू0वि0)।* विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य एवं विशेष अभियान के दौरान मतदेय स्थलों पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 इला मारन ने विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय ओरनी विकासखंड निधौलीकलां के बूथ संख्या 69 एवं 70, कंपोजिट विद्यालय फिरोजपुर सिलौनी, विकासखंड मारहरा के बूथ संख्या 11, 12 एवं 13, उच्च प्राथमिक विद्यालय मेहंनी शोरा के बूथ संख्या 63 तथा प्राथमिक विद्यालय शोरा के बूथ संख्या 61 का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय ओरनी में ए0ई0आर0ओ0 के अनुपस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक न मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
कंपोजिट विद्यालय फिरोजपुर सिलौनी में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देशित किया कि मतदाताओं से प्राप्त फार्मों को केवल एकत्रित करके न रखें, बल्कि उनकी शीघ्र ऑनलाइन फीडिंग सुनिश्चित करें, ताकि पुनरीक्षण कार्य समयबद्ध एवं सुचारु रूप से पूर्ण हो सके। विद्यालय में आरओ वाटर प्लांट बंद पाए जाने पर उसे तत्काल चालू कराने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र में वितरण के लिए रखे खाद्यान्न की स्थिति का जायजा लेते हुए उसे सुरक्षित स्थान पर रखवाने के निर्देश दिए, जिससे खाद्यान्न की गुणवत्ता एवं सुरक्षा बनी रहे।
प्राथमिक विद्यालय शोरा के बाहर गंदगी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित को तत्काल साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ से 18-19 आयु वर्ग के युवा मतदाताओं एवं महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सर्वे एवं पुनः समीक्षा करते हुए पात्र युवा एवं महिला मतदाताओं को चिह्नित किया जाए तथा उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फार्म-6 भरवाने की कार्रवाई प्राथमिकता पर की जाए। इसके साथ ही 80 वर्ष एवं 100 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं का भी भौतिक सत्यापन कर उनकी स्थिति की जानकारी प्राप्त करने के निर्देश दिए, ताकि मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाया जा सके।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देशित किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने, अपात्र एवं त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करने तथा प्राप्त फार्मों की समय से ऑनलाइन फीडिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान सीओ संकल्पदीप कुशवाह,बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी, एस ओ मारहरा आदि उपस्थित रहे।
















