*अर्जुन नगर में पानी के टैंकर की टक्कर से बाइक सवार दंपति की मौत, चालक फरार; सीसीटीवी से तलाश जारी*
आगरा: थाना शाहगंज क्षेत्र के अर्जुन नगर में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में पानी के टैंकर की चपेट में आने से बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक टैंकर छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान सुखविंदर (उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष) और उनकी पत्नी रेखा (उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष) के रूप में हुई है। वे मूल रूप से भरतपुर के निवासी थे और वर्तमान में आगरा के धनोली क्षेत्र में रह रहे थे। बताया गया है कि सुखविंदर अपनी पत्नी रेखा को उपचार के लिए एमएच मिलिट्री हॉस्पिटल ले जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दंपति यामाहा बाइक से अर्जुन नगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जावित्री देवी हॉस्पिटल के सामने तेज रफ्तार से आ रहे पानी के टैंकर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों सड़क पर गिर गए और टैंकर के पहियों के नीचे आ गए, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही थाना शाहगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को कब्जे में ले लिया है तथा मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे के चलते अर्जुन नगर रोड पर कुछ देर के लिए जाम और यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारु कराया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार चालक की तलाश की जा रही है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।















