*गुरु नानक देव जी जयंती एवं गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस पर श्रद्धापूर्ण कार्यक्रम आय़ोजित*
आगरा। गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में गुरु नानक देव जी की जयंती एवं श्री गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुरु साहिबान के महान जीवन, आदर्शों, शिक्षाओं एवं मानवता के प्रति उनके योगदान से परिचित कराना था। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भाषणों के माध्यम से गुरु नानक देव जी के जीवन दर्शन, उनकी शिक्षाओं तथा मानवता, समानता, प्रेम, सद्भाव और सेवा के संदेश पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नाटिका में गुरु नानक देव जी के जीवन से जुड़े प्रसिद्ध ‘सच्चा सौदा’ प्रसंग का भावपूर्ण मंचन किया गया, जिसने उपस्थित सभी लोगों को सेवा, परोपकार एवं मानव कल्याण की प्रेरणा दी। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने भक्तिमय शबद गायन एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को आध्यात्मिक एवं भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर श्री गुरु तेग बहादुर जी के महान बलिदान को स्मरण करते हुए उनके अद्वितीय साहस, धार्मिक स्वतंत्रता, मानव अधिकारों की रक्षा, धर्म एवं सत्य के प्रति अटूट निष्ठा तथा त्याग की भावना को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए निर्भीकता, सहिष्णुता और मानवता के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम का आयोजन शिक्षिका दीपिका महाजन एवं आशु महाजन के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में किया गया। विद्यार्थियों की सुंदर एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने सभी को गुरु साहिबान के आदर्शों पर चलने तथा सत्य, सेवा, प्रेम, समानता और त्याग की भावना को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन गुरु साहिबान के महान जीवन, उनके उपदेशों एवं मानवता के लिए किए गए योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धा एवं सम्मान के साथ हुआ।
















