प्राथमिक विद्यालय कागरौल प्रथम में बाल दिवस पर बाल मेले का भव्य आयोजन, बच्चों ने सीखे व्यापारिक एवं जीवनोपयोगी कौशल
कागारौल/आगरा । बाल दिवस के पावन अवसर पर प्राथमिक विद्यालय कागरौल प्रथम में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया। मेले में बच्चों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और अपनी रचनात्मकता, हुनर एवं उद्यमशीलता का शानदार प्रदर्शन किया।
बाल मेले में बच्चों द्वारा विभिन्न प्रकार के आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से उन्होंने अपने तैयार किए गए सामान का क्रय-विक्रय किया। इस गतिविधि के जरिए बच्चों ने व्यावहारिक रूप से लेन-देन, गणना, धन का प्रबंधन, संवाद कौशल, आत्मविश्वास एवं व्यापारिक दक्षताओं का ज्ञान प्राप्त किया। इसके साथ ही बच्चों ने अपने हाथों से निर्मित हस्तकला एवं रचनात्मक कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
इस अवसर पर सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए जनगणना जागरूकता अभियान एवं उत्तर प्रदेश विधानसभा निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत मतदाता जागरूकता अभियान की विशेष स्टॉल भी लगाई गईं। इनके माध्यम से अभिभावकों एवं आगंतुकों को जनगणना के महत्व, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बाल मेले ने न केवल बच्चों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक जीवन के अनुभव प्रदान किए, बल्कि उनमें आत्मनिर्भरता, सहयोग, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित की।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रेनू वर्मा ने कहा कि बाल मेले जैसे आयोजन बच्चों को सीखने, समझने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों को जीवन की वास्तविक परिस्थितियों के लिए तैयार करना भी है।
कार्यक्रम आनंद, उत्साह, रचनात्मकता एवं सीखने के अनूठे अनुभवों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।















