*आगरा मंडल की ऐतिहासिक उपलब्धियां: समयपालनता 91 प्रतिशत तक पहुंची, हरित ऊर्जा और रेल अवसंरचना विकास को मिली नई गति*
*आगरा मंडल में यात्री सुविधाओं के विस्तार, रेल सुरक्षा, समयपालनता में सुधार एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति*
मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री गगन गोयल व उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने आज आगरा में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान आगरा मंडल में चल रहे विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं, रेल सुरक्षा प्रणाली, समयपालनता में सुधार तथा हरित ऊर्जा परियोजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण उपलब्धियों की जानकारी साझा की। दीपावली एवं आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुगम और सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए आगरा मंडल द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए मंडल में कुल 93 विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इनमें से लगभग 06 ट्रेनों का प्रारंभ आगरा मंडल से किया जा रहा है। इन विशेष ट्रेनों के संचालन से त्योहारों के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी। आगरा मंडल ने ट्रेनों की समयपालनता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। पूर्व में जहां ट्रेनों की समयपालनता कम प्रतिशत तक सीमित रहती थी, वहीं निरंतर प्रयासों, बेहतर परिचालन प्रबंधन तथा आधारभूत संरचना के विकास के फलस्वरूप इसमें ऐतिहासिक सुधार हुआ है। अक्टूबर 2026 में आगरा मंडल की ट्रेनों की समयपालनता 86 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि अप्रैल से अक्टूबर 2026 की अवधि में मंडल ने औसतन 91 प्रतिशत समयपालनता बनाए रखी। यह उपलब्धि यात्रियों को समयबद्ध एवं बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मंडल के सतत प्रयासों को दर्शाती है। उत्तर मध्य रेलवे हरित ऊर्जा के उपयोग एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में आगरा मंडल में कुल 1830.76 किलोवाट पीक (kWp) क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए गए हैं। इन संयंत्रों से अप्रैल 2026 से अगस्त 2026 तक लगभग 8.34 लाख यूनिट सौर ऊर्जा का उत्पादन हुआ है। इसके परिणामस्वरूप लगभग 39 लाख रुपये की राजस्व बचत हुई है। सौर ऊर्जा के उपयोग से पारंपरिक ऊर्जा पर निर्भरता कम करने के साथ-साथ कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में भी सहायता मिल रही है।
आगरा मंडल में रेल अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने एवं परिचालन क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।
प्रमुख परियोजनाएं निम्नलिखित हैं:
बटेश्वर रेलवे स्टेशन स्टेशन को डी श्रेणी से बी श्रेणी के स्टेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। नैरोगेज लाइन को ब्रॉडगेज लाइन में परिवर्तित करने का कार्य प्रगति पर है। इसके प्रथम चरण में धौलपुर से गाड़ी सांद्रा रेलवे स्टेशन तक सीआरएस (रेलवे सुरक्षा आयुक्त) निरीक्षण संपन्न हो चुका है। आगरा फोर्ट–बांदीकुई दोहरीकरण: इस महत्वपूर्ण रेलखंड के दोहरीकरण का कार्य प्रगति पर है। इस रेलखंड पर भी अवसंरचना विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। भांडई–कीठम तृतीय रेल लाइन का कार्य तेजी से प्रगति पर है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के अंतर्गत नानपुर में नया रेलवे क्रॉसिंग स्टेशन भी बनाया जाएगा।
इस परियोजना के पूर्ण होने से रेल परिचालन क्षमता में वृद्धि होगी तथा ट्रेनों का संचालन अधिक सुगम एवं व्यवस्थित होगा।
इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से रेल परिचालन क्षमता में वृद्धि, ट्रेनों की आवाजाही में सुगमता तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा एवं सुगम आवागमन के लिए सेकंड एंट्री विकसित करने की दिशा में पहल की जा रही है। साथ ही भीड़ प्रबंधन (Crowd Management) को लेकर आगरा मंडल पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत आगरा मंडल के 15 रेलवे स्टेशनों का विकास किया जा रहा है। इनमें से 6 स्टेशनों का उद्घाटन हो चुका है, जबकि लगभग 4 स्टेशनों का कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष 5 स्टेशनों पर कार्य प्रगति पर है तथा इन्हें शीघ्र पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस योजना के तहत स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विस्तार, आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को आधुनिक एवं सुविधाजनक स्टेशन परिसर उपलब्ध हो सकें।
इसके अतिरिक्त आगरा मंडल के दो स्टेशन जिसमें आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन के विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। मास्टर प्लान को शीघ्र अंतिम रूप देकर विकास कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। आगरा मंडल द्वारा यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने, रेल परिचालन को अधिक सुगम बनाने तथा आधुनिक आधारभूत संरचना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विभिन्न विकास परियोजनाओं के माध्यम से रेल सेवाओं की गुणवत्ता, क्षमता एवं विश्वसनीयता में वृद्धि की जा रही है। आगरा मंडल यात्रियों को सुरक्षित, समयबद्ध, सुविधाजनक एवं पर्यावरण अनुकूल रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। समयपालनता में उल्लेखनीय सुधार, सौर ऊर्जा का विस्तार, विशेष ट्रेनों का संचालन तथा रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयास इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री गिरीश कुमार गुप्ता व मंडल के अन्य अधिकारीगण, मीडियाबन्धु, मीडिया प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे l














