*वर्षों का इंतजार खत्म, बाह के सुंसार गांव में पहली बार सड़क निर्माण का रास्ता साफ
, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ₹7.18 करोड़ से बनेंगी 7 किलोमीटर की तीन सड़कें; छोटी दीपावली पर ग्रामीणों के बीच पहुंचे सांसद राजकुमार चाहर*
*आजादी के बाद से सड़क की सुविधा से वंचित गांवों को मिली बड़ी सौगात, सांसद ने ग्रामीणों के साथ दीप जलाकर और आतिशबाजी कर मनाई खुशियां*
आगरा। संसदीय क्षेत्र फतेहपुर सीकरी की बाह विधानसभा के ग्रामीणों के लिए इस छोटी दीपावली पर विकास और खुशियों की दोहरी सौगात आई है। वर्षों से सड़क निर्माण की बाट जोह रहे गांव सुंसार सहित तीन गांवों की सड़क निर्माण की मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। सांसद राजकुमार चाहर के निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बाह विधानसभा में कुल ₹7.18 करोड़ की लागत से लगभग 7 किलोमीटर की तीन महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण को मंजूरी मिली है।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान जी के पत्र के माध्यम से सांसद को इन सड़कों की स्वीकृति की जानकारी दी गई है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही परेशानी से राहत मिलेगी।
*तीन महत्वपूर्ण सड़कों को मिली मंजूरी*
1. मंसुपुरा से सुंसार गांव तक – 4 किलोमीटर, लागत ₹4.31 करोड़।
2. बराह से धांधूपुरा गांव तक – 1 किलोमीटर, लागत ₹1.13 करोड़।
3. क्योरी बीच का पुरा – 2 किलोमीटर, लागत ₹1.74 करोड़।
सांसद राजकुमार चाहर ने बताया कि बाह विधानसभा के इन गांवों में आजादी के बाद से सड़क जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव रहा है। ग्रामीणों को बरसों से आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से सुंसार गांव की सड़क ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही प्रमुख मांग थी। ग्रामीणों की इस पीड़ा को समझते हुए लगातार प्रयास किए गए और आज उसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से इन गांवों को बेहतर सड़क मिलने जा रही है। यह केवल सड़कों की स्वीकृति नहीं, बल्कि वर्षों से इंतजार कर रहे ग्रामीणों के सपनों को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
*सुंसार गांव पहुंचकर ग्रामीणों के साथ मनाई छोटी दीपावली*
सड़कों की मंजूरी की खुशखबरी के बीच सांसद राजकुमार चाहर छोटी दीपावली के अवसर पर गांव सुंसार पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर दीपावली की खुशियां साझा कीं। ग्रामीणों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके साथ दीप प्रज्वलित किए और आतिशबाजी कर इस ऐतिहासिक उपलब्धि का उत्सव मनाया।
इस दौरान गांव में उत्साह और खुशी का माहौल दिखाई दिया। वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद से ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। सांसद ने ग्रामीणों के साथ दीपावली मनाकर यह संदेश दिया कि क्षेत्र का विकास और जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा, कृष्णपाल सिंह, कप्तान सिंह वर्मा,मुन्ना लम्बरदार, सतेंद्र बरुआ,नितिन वर्मा, रविन्द्र बघेल,शिवकुमार शर्मा,गुड़डू विधोलिया,डीएस भदौरिया,दिग्विजय भदरौली,बड़े प्रधान,कुलदीप वर्मा, सोनू सैंथिया,अनुज शर्मा,संतेंद्र यादव सहित गांव के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।















