*त्योहारी सीजन में सैंपलिंग की आड़ में व्यापारियों का अनावश्यक उत्पीड़न ना करे अधिकारी*
आगरा। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश (पंजी.) महानगर आगरा के द्वारा इस त्योहारों के इस पावन सीजन में व्यापारियों के सामने आ रही समस्याओं के विरोध में एक ज्ञापन खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन अधिकारी ग्रेड-2 श्री महेंद्र श्रीवास्तव को सौंपा। जिसमें महानगर अध्यक्ष नरेश पाण्डेय ने कहा कि
आगामी दिनों में दीपावली, छठ पूजा और देवउठान जैसे अन्य मुख्य त्योहार आने वाले हैं। परंतु अत्यंत खेद का विषय है कि त्योहारों की आड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी व कर्मचारी चेकिंग और सैंपल लेने के नाम पर बाजारों में आतंक और भय का माहौल बना रहे हैं। ये अधिकारी बिना किसी पुख्ता शिकायत या आधार के सीधे दुकानों पर छापेमारी कर रहे हैं। जिससे बाज़ारों में व्यापारी के प्रति ग्राहकों के बीच गलत संदेश जा रहा है और इससे व्यापार बहुत बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। महानगर कोषाध्यक्ष सुरेश लवानिया ने कहा कि चैकिंग और सैंपल फेल होने की धमकी देकर छोटे दुकानदारों जैसे डेयरी, मिठाई विक्रेता, किराना व्यापारी आदि को डराया जा रहा है, जिससे भ्रष्टाचार और बढ़ेगा। यह समय साल भर मंदी की मार झेल रहे छोटे-बड़े व्यापारियों के लिए व्यापार का मुख्य समय होता है। यदि किसी वस्तु का सैंपल लिया भी जाता है, तो उसकी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए और उसकी रसीद व सील दुकानदार के सामने नियमानुसार की जानी चाहिए। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल शुद्धता और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री बेचने का पूर्ण समर्थन करता है। हम किसी भी मिलावटखोर के पक्ष में नहीं हैं। परंतु शुद्ध काम करने वाले ईमानदार व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदेश संगठन मंत्री कपूर चंद रावत ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में भय का माहौल न बनाएं, व्यापारियों के साथ सहयोग का रवैया अपनाना चाहिए बिना किसी ठोस कारण के छापेमारी पर तुरंत रोक लगाएं। यदि खाद्य सुरक्षा विभाग का यही तानाशाही रवैया रहा तो समस्त व्यापारी दुकानें बंद करने पर मजबूर होंगे जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन देने वालों में महानगर अध्यक्ष नरेश पाण्डेय, महानगर कोषाध्यक्ष सुरेश लवानिया,कपूर चंद रावत,चंद्रमोहन जैन(मोनू), सतीश वर्मा,सत्येन्द्र जैन, बृजेश जैन सैंकी , किशोर वर्मा, संजय अग्रवाल, अनुपम जैन, नितिन गुप्ता, रमेश कुशवाह, अश्वनी शर्मा, अवधेश अग्रवाल आदि व्यापारी उपस्थित रहे।
















