जमालपुर में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से दो बच्चों की मौत, महिला गंभीर घायल।

जमालपुर (मीरजापुर):
थाना क्षेत्र के डोहरी गांव के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन ने राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
ग्राम भडेवल निवासी धनंजय कुमार ने जमालपुर थाने में तहरीर देकर बताया कि 1 नवंबर को शाम लगभग 5:00 बजे डोहरी गांव के पास वाहन संख्या BR 24 GD 0764 की चपेट में आने से उनके 15 वर्षीय पुत्र नितीश कुमार और नतिनी अंकिता (ढाई वर्ष, पुत्री सुधीर) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे में उनकी पत्नी श्याम रति बुरी तरह कुचलकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। आनन-फानन में घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है तथा वाहन चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।















