चंदौली में दबंगों का कहर, युवक पर जानलेवा हमला कर अधमरा समझ छोड़ भागे आरोपी।
चंदौली / मुगलसराय।
जनपद चंदौली के थाना मुगलसराय क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर में दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ मामूली विवाद को लेकर दबंगों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया और अधमरा समझकर मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फतेहपुर निवासी मोतीलाल यादव किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए कुछ दबंगों ने उन्हें रोक लिया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और आरोपियों ने लाठी-डंडों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
आरोपियों ने मोतीलाल को इतनी बेरहमी से पीटा कि वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। युवक को मृत समझकर सभी हमलावर मौके से भाग निकले।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने घायल मोतीलाल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है।
इस घटना से पीड़ित परिवार में दहशत और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।















