*पॉलिटेक्निक छात्रों का मानसिक तनाव दूर करेंगे ‘हॉबी क्लब’*
*- आगरा के चार प्रमुख पॉलिटेक्निक संस्थानों में स्थापित किए जाएंगे 15-15 हॉबी क्लब*
*- एआई, रोबोटिक्स और कोडिंग के साथ-साथ पारंपरिक कलाओं की भी दी जाएगी ट्रेनिंग*
*- युवाओं के कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा को लगातार नए आयाम दे रही योगी सरकार*
*आगरा, 24 अक्टूबर।* योगी सरकार युवाओं के कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा को लगातार नए आयाम दे रही है। इसी कड़ी में पॉलिटेक्निक संस्थानों में तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत करने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए एक नई और अभिनव योजना की शुरुआत की गई है। अब संस्थानों में पढ़ाई के भारी दबाव को कम करने और छात्रों की छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने के लिए ‘हॉबी क्लब’ बनाए जाएंगे। योजना के प्रथम चरण में आगरा शहर के चार प्रमुख पॉलिटेक्निक संस्थानों में 15-15 हॉबी क्लब स्थापित किए जा रहे हैं, जो छात्रों को किताबी ज्ञान से बाहर निकालकर नई तकनीकों और रचनात्मक कलाओं से जोड़ेंगे।
*रोबोटिक्स, कोडिंग के साथ सीखेंगे संगीत और नाटक*
योगी सरकार की इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इन हॉबी क्लबों में पारंपरिक कलाओं के साथ-साथ आधुनिक युग की तकनीकी जरूरतों को प्रमुखता दी गई है। एक ओर जहां विद्यार्थियों को संगीत, नृत्य, साहित्य, नाटक और खेल जैसी तनाव मुक्त करने वाली गतिविधियों से जुड़ने का मौका मिलेगा, वहीं दूसरी ओर वे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), कोडिंग, रोबोटिक्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी, एथिकल हैकिंग और साइबर सुरक्षा जैसी अत्याधुनिक तकनीकें भी सीख सकेंगे।
*छात्र समन्वयक और शिक्षक संभालेंगे क्लब की जिम्मेदारी*
हॉबी क्लबों के बेहतर संचालन के लिए एक सुव्यवस्थित ढांचा तैयार किया गया है। प्रत्येक क्लब की जिम्मेदारी एक छात्र समन्वयक और संस्थान के एक शिक्षक (फैकल्टी मेंटर) को सौंपी जाएगी। इसके अतिरिक्त क्लब में कम से कम एक बाहरी मेंटर को भी जोड़ा जाएगा, जो प्रशासनिक अधिकारी या उद्योग जगत का विशेषज्ञ हो सकता है। आवश्यकता के अनुसार क्लब में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को आमंत्रित कर विशेष व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे।
*आगरा के चार पॉलिटेक्निक संस्थानों में हुई शुरुआत*
शुरुआती चरण में आगरा जिले के जिन चार संस्थानों में ये क्लब स्थापित किए जा रहे हैं, उनमें राजकीय पॉलिटेक्निक शमशाबाद, राजकीय पॉलिटेक्निक मनकेंडा, गवर्नमेंट लेदर इंस्टीट्यूट (आगरा) और आरबीएस पॉलिटेक्निक बिचपुरी शामिल हैं। खेल, तकनीक और सांस्कृतिक गतिविधियों का यह बेहतरीन समावेश छात्रों में अनुशासन, एकाग्रता और टीम वर्क की भावना विकसित करेगा।
*सर्वांगीण विकास और रचनात्मकता पर है जोर*
नोडल अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि हॉबी क्लब का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सिर्फ पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए उनकी रचनात्मकता, व्यावहारिक कौशल और नेतृत्व क्षमता को विकसित करना है। क्लब के माध्यम से योग, फोटोग्राफी, वाद- विवाद, सामाजिक गतिविधियां और साफ्ट स्किल से जुड़ी गतिविधियां भी कराई जाएंगी। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के भारी दबाव से राहत मिलेगी और वे अपनी रुचि पहचान कर दूसरे क्षेत्रों में भी आगे बढ़ सकेंगे।
















