संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों को दीपावली से पूर्व वेतन व इंक्रीमेंट का लाभ दिए जाने की मांग:-
—————————————–
एटा 24। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों को दीपावली से पूर्व वेतन भुगतान,व इंक्रीमेंट की धनराशि प्रदान किए जाने की मांग को लेकर उ.प्र. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, एटा के जिलाध्यक्ष अरविन्द सिंह चौहान ने प्रदेश सरकार एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
जिलाध्यक्ष अरविन्द सिंह चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी पूरी निष्ठा, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी के कठिन दौर में भी स्वास्थ्य कर्मचारियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना जनसेवा की और प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य की रक्षा में उल्लेखनीय योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व निकट है। ऐसे में संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों को समय से वेतन उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है, ताकि वे अपने परिवार के साथ हर्षोल्लासपूर्वक त्योहार मना सकें। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि सभी संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों को दीपावली से पूर्व वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं।
श्री चौहान ने यह भी मांग की कि संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों को दीपावली पर इस बार के वेतन में इंक्रीमेंट की धनराशि जोड़कर भुगतान किए जाने के संबंध में सकारात्मक निर्णय लिया जाए। इससे कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलेगी और उनका मनोबल बढ़ेगा।
उन्होंने प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री जी एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से अपील की कि संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक आदेश जारी किए जाएं, जिससे कर्मचारी सम्मानपूर्वक दीपावली का पर्व मना सकें















