एनएचएम संविदा कर्मचारियों का आर-पार का आंदोलन शुरू
5 से 7 अक्टूबर तक काला फीता बांधकर जताएंगे विरोध, 8 से 10 सीएमओ कार्यालय पर होगा तीन दिवसीय धरना
—————————————————
एटा 5 अक्टूबर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा कर्मचारियों की लंबित मांगों एवं समस्याओं को लेकर प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर अब आंदोलन का बिगुल बज चुका है। पूर्व निर्धारित चरणबद्ध आंदोलन के तहत जनपद एटा में भी एनएचएम के संविदा कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर मजबूती से आवाज बुलंद करेंगे।
उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एटा के जिलाध्यक्ष अरविन्द सिंह चौहान ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर 5, 6 एवं 7 अक्टूबर को जनपद के सभी संविदा कर्मचारी काला फीता बांधकर कार्य करते हुए शासन-प्रशासन के प्रति अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
श्री चौहान ने कहा कि यदि इसके बाद भी कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन के अगले चरण में 8, 9 एवं 10 अक्टूबर को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, एटा पर शांतिपूर्वक धरना दिया जाएगा इमरजेंसी सेवाएं प्रभावित नहीं रहेगी।
जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि जनहित एवं स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए इमरजेंसी सेवाओं में तैनात संविदा कर्मचारियों को धरने से अलग रखा गया है, ताकि आकस्मिक चिकित्सा सेवाएं सुचारू रूप से संचालित होती रहेगी इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी संविदा कर्मचारी धरना स्थल पर उपस्थित रहकर आंदोलन को मजबूती प्रदान करेंगे।
एकजुटता के साथ आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया।
श्री चौहान ने कहा कि संविदा कर्मचारी लगातार स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, इसके बावजूद उनकी समस्याओं और मांगों के समाधान में अपेक्षित गंभीरता दिखाई नहीं जा रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की आवाज को अब मजबूती से शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने जनपद के सभी एनएचएम संविदा कर्मचारियों से अपील की कि वे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एकजुट होकर शांतिपूर्ण एवं अनुशासित आंदोलन में सहभागिता करें और संगठन की मांगों को मजबूती से उठाएं।















