नरसिंहपुर – तेंदूखेड़ा में डोलोमाइट खदान पर प्रशासन का छापा, अवैध खनन की शिकायत पर माइनिंग और जियोलॉजिस्ट की टीम ने की जांच।
रिपोर्ट – वीरेंद्र मेहरा, राष्ट्रीय महासचिव, भारतीय मीडिया फाउंडेशन नेशनल कोर कमेटी।

नरसिंहपुर / तेंदूखेड़ा।तेंदूखेड़ा इलाके में संचालित खदानों में बड़े पैमाने पर अनियमितता की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक शिकायतकर्ता ने तेंदूखेड़ा की खदानों में अवैध खनन को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने एक संयुक्त जांच दल का गठन कर खमरिया कन्हेरी ग्राम पंचायत में स्थित डोलोमाइट खदान पर दबिश दी।
इस जांच दल में माइनिंग विभाग के अधिकारी, जबलपुर से आए विशेषज्ञ भू-वैज्ञानिक (जियोलॉजिस्ट) और तहसीलदार की टीम शामिल थी। अधिकारियों ने मौके पर खदान के सीमा चिन्हों का बारीकी से मुआयना किया, लीज एरिया से बाहर खनन हो रहा है या नहीं इसकी पैमाइश की और मौके पर मौजूद सभी दस्तावेजों को खंगाला।
इसके साथ ही खदान से निकाले जा रहे खनिजों के सैंपल भी जांच के लिए एकत्र किए गए हैं, ताकि यह पता चल सके कि स्वीकृत खनिज के अलावा किसी अन्य खनिज का अवैध उत्खनन तो नहीं हो रहा है।
इस संबंध में SDM तेंदूखेड़ा का कहना है कि खनिजों के सैंपल और दस्तावेजों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी कि खदान के संचालन में कोई अनियमितता बरती जा रही थी या नहीं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
















