रिपोर्ट: शकीर अख़्तर (सोनभद्र)
बभनी (सोनभद्र) विकास खंड बभनी के ब्लॉक सभागार में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तीसरे दिन मंगलवार को विकसित भारत 2047 की थीम के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी एवं स्टाल लगाकर आमजन को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से रूबरू कराया गया। अभियान के तहत ग्रामीणों व आगंतुकों को योजनाओं का लाभ उठाने तथा उनके क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) बभनी श्री रूपेश कुमार मंडल ने सभागार में लगे विभिन्न विभागों के स्टालों का सघन निरीक्षण किया और संचालित गतिविधियों का जायजा लिया। बीडीओ ने सबसे पहले बाल विकास एवं पुष्टाहार (ICDS) विभाग, उसके बाद बेसिक शिक्षा विभाग और फिर स्वास्थ्य विभाग के स्टालों पर पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की।
विभिन्न विभागों की प्रमुख प्रस्तुतियाँ व जानकारी
बेसिक शिक्षा विभाग (निपुण भारत मिशन): शिक्षा विभाग के स्टाल पर परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के बुनियादी भाषाई और गणितीय कौशल को मजबूत करने के लिए चलाए जा रहे ‘निपुण भारत मिशन’ का सजीव प्रदर्शन किया गया। शिक्षिका श्रीमती अनुजा सिंह ने आगंतुकों को बताया कि विद्यालयों में बच्चों को खेल-खेल में कैसे सिखाया जाता है। उन्होंने शिक्षण में टीएलएम (Teaching Learning Material), खिलौनों, कहानियों और दृश्य कलाओं के माध्यम से पढ़ाई को रोचक और सुलभ बनाने की तकनीकियों को विस्तार से समझाया।

बाल विकास एवं पुष्टाहार (ICDS) विभाग: विभाग की ओर से सुपरवाइजर चमेली देवी ने कुपोषण उन्मूलन, गर्भवती महिलाओं व धात्री माताओं के पोषण, तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर दी जाने वाली सुविधाओं और पोषाहार वितरण के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया।

स्वास्थ्य विभाग: स्वास्थ्य विभाग के स्टाल पर डॉ. देवेन्द्र कुमार एवं डॉ. अरविन्द कुमार ने आमजन को मौसमी बीमारियों से बचाव, टीकाकरण, आयुष्मान भारत योजना और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी तथा लोगों को परामर्श प्रदान किया।
मौके पर उपस्थिति
- इस अवसर पर शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारी भानू प्रताप सिंह, शिक्षक कृष्ण कुमार सिंह, बालकिशुन, प्रमोद कुमार, संजय कुमार, फिरोज मलिक, सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व अभिभावक उपस्थित रहे।
















