रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ- सोनभद्र)
- एनटीपीसी परिसर में आयोजित हुआ ‘विकसित भारत क्विज 2026’, 100 स्वयंसेवकों ने लिया हिस्सा
शक्तिनगर/ सोनभद्र/ महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, एनटीपीसी परिसर स्थित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई प्रथम के तत्वावधान में शुक्रवार को ‘विकसित भारत क्विज 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 100 स्वयंसेवकों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने ऑनलाइन माध्यम से क्विज में शामिल होकर प्रश्नों के उत्तर दिए तथा सफलतापूर्वक प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्रमाण पत्र भी जनरेट किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं वरिष्ठ प्राध्यापिका (आईआरपीएम) डॉ. अपर्णा त्रिपाठी ने युवा शक्ति और विकसित भारत के बीच संबंध पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण का प्रमुख स्रोत है। भारत युवाओं का देश है और युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा एवं नवाचार का सकारात्मक उपयोग कर विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
मुख्य वक्ता मनोविज्ञान विभाग की प्राध्यापिका डॉ. आनंद प्रिया सिंह ने युवाओं के समक्ष मौजूद विभिन्न चुनौतियों पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि सूचना क्रांति के दौर में युवाओं के सामने अवसरों के साथ कई चुनौतियां भी हैं। उन्होंने सफलता के लिए विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच, निरंतर सीखने और तकनीक के सही उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
विशिष्ट अतिथि डॉ. विनोद कुमार पाण्डेय ने विद्यार्थियों के साथ विकसित भारत क्विज की ऑनलाइन प्रक्रिया में अनुभवात्मक सहभागिता की तथा क्विज में प्रतिभाग करने की प्रक्रिया और उसकी बारीकियों से छात्र-छात्राओं को अवगत कराया।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. छोटेलाल प्रसाद ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रभाकर लाल ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम को डॉ. ओम प्रकाश यादव एवं डॉ. रजनीकांत ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में उज्जवल, नीरज, पंकज, पूनम, खुशबू, प्रभा, दीपांजलि, विवेक, आशुतोष एवं राहुल सोनी सहित अन्य स्वयंसेवकों का सराहनीय सहयोग रहा।















