*योगी सरकार का ऐतिहासिक कदम, नीब करोरी बाबा आध्यात्मिक सर्किट और 5 विशेष टूर पैकेज की शुरुआत*
*- फिरोजाबाद में बाबा नीब करोरी की जन्मस्थली में विकसित की जा रही पर्यटन सुविधाएं*
*- जन्मस्थली अकबरपुर से लेकर वृंदावन स्थित समाधि स्थल तक जुड़ेगा ‘नीब करोरी बाबा सर्किट’*
*- श्रद्धालुओं की सुगम यात्रा के लिए दिल्ली और लखनऊ से संचालित होंगे पांच विशेष पैकेज*
*फिरोजाबाद, 10 सितंबर।* श्रद्धेय संत नीब करोरी बाबा के ‘महासमाधि दिवस’ के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने उनकी आध्यात्मिक विरासत को देश और दुनिया के श्रद्धालुओं तक पहुंचाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार नीब करोरी बाबा के जीवन और विरासत से जुड़े प्रमुख स्थलों को जोड़कर एक नया ‘आध्यात्मिक पर्यटन सर्किट’ विकसित कर रही है। इसके साथ ही, उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने पर्यटकों के लिए ‘बाबा नीब करोरी’ के पांच विशेष टूर पैकेज भी लॉन्च किए हैं। बाबा के स्थलों को सुसज्जित करने के लिए फिरोजाबाद और फर्रुखाबाद में बुनियादी ढांचे के विकास पर लगभग 12.93 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
*जन्मस्थली अकबरपुर में विश्वस्तरीय सुविधाओं का विकास*
फिरोजाबाद के अकबरपुर को बाबा नीब करोरी की जन्मस्थली के रूप में भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। यहां पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए फेज-1 के तहत 8.65 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इसके अलावा 2.22 करोड़ रुपये की फेज-2 परियोजना का 60 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है, जिसे दिसंबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अकबरपुर में 55.44 लाख रुपये की लागत से एक ग्रामीण पर्यटन परियोजना भी जल्द शुरू होने जा रही है। वहीं फर्रुखाबाद स्थित नीब करोरी आश्रम के विकास पर भी 1.51 करोड़ रुपये की परियोजना पूरी हो चुकी है।
*श्रद्धालुओं के लिए डॉरमेट्री, कैफेटेरिया और प्रदर्शनी हॉल*
इन परियोजनाओं के तहत अकबरपुर में पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। यहां बहुद्देशीय सभागार, सांस्कृतिक ब्लॉक और बाबा के जीवन व उनकी आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित एक आधुनिक प्रदर्शनी हॉल (एग्जीबिशन हॉल) बनाया जा रहा है। इसके अलावा विशाल डाइनिंग हॉल, 50 लोगों की क्षमता वाली आधुनिक कैफेटेरिया, रसोई, स्वच्छ शौचालय और करीब 60 लोगों के ठहरने के लिए डॉरमेट्री की सुविधा तैयार की जा रही है। फेज-2 और ग्रामीण पर्यटन परियोजना के तहत प्रवेश द्वार, साइनेज, म्यूरल वॉल और सुरक्षित पत्थर के रास्ते बनाए जा रहे हैं। फर्रुखाबाद आश्रम में भी यात्रियों के ठहरने के लिए भवन और मुख्य द्वार का विकास हो चुका है।
*जन्मस्थली से समाधि स्थल तक जुड़ेगा नया सर्किट*
बाबा की आध्यात्मिक यात्रा से जुड़े प्रमुख स्थलों को अब ‘नीब करोरी बाबा सर्किट’ के रूप में एक साथ जोड़ा जा रहा है। इस सर्किट में फिरोजाबाद का अकबरपुर गांव (जन्मस्थली), फर्रुखाबाद का नीब करोरी बाबा आश्रम धाम (साधना स्थली), वृंदावन स्थित समाधि मंदिर (जहां 1973 में बाबा ने महासमाधि ली थी) और लखनऊ का प्रसिद्ध हनुमान सेतु मंदिर शामिल हैं। मान्यता है कि फर्रुखाबाद के आश्रम में बाबा ने भूमिगत गुफा में 12 वर्षों तक कठोर साधना की थी। वर्ष 2017 से पहले इन स्थलों की उपेक्षा हुई थी, लेकिन अब योगी सरकार इनकी विरासत को संरक्षित कर पर्यटन के नए अवसर तैयार कर रही है।
*दिल्ली और लखनऊ से संचालित होंगे टूर पैकेज*
महासमाधि दिवस को खास बनाते हुए यूपीएसटीडीसी ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 5 दिन, 3 दिन और 2 दिन के पांच विशेष टूर पैकेज शुरू किए हैं। पर्यटकों की मांग के आधार पर इन पैकेजों का संचालन सीधे दिल्ली और लखनऊ से किया जाएगा। इन पैकेजों की जानकारी के लिए यूपीएसटीडीसी की वेबसाइट upstdc.co.in या हेल्पलाइन नंबर +91 91490 99890 पर संपर्क किया जा सकता है।
*आध्यात्मिक पर्यटन को मिलेगा नया आयाम*
अपर मुख्य सचिव एवं पर्यटन महानिदेशक अमृत अभिजात ने कहा कि नया ‘नीब करोरी बाबा सर्किट’ उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध आध्यात्मिक पर्यटन सर्किटों में एक महत्वपूर्ण नया आयाम जोड़ेगा। बाबा से जुड़े प्रमुख स्थलों को एक साथ जोड़ने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए इन स्थानों तक पहुंच बेहद आसान होगी। इससे उन्हें बाबा की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक तथा स्थानीय विरासत को करीब से जानने का अनूठा अवसर मिलेगा। महासमाधि दिवस पर शुरू किए गए विशेष टूर पैकेज इस पहल को और उपयोगी बनाएंगे तथा बाबा की विरासत को भारत के साथ-साथ दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले लोगों तक पहुंचाने में भी मदद करेंगे।














