बीटा-1 की समस्याओं पर पूर्व मंत्री नरेंद्र भाटी ने प्राधिकरण को चेताया, रिपोर्ट भोला ठाकुर

बीटा-1 की समस्याओं पर पूर्व मंत्री नरेंद्र भाटी ने प्राधिकरण को चेताया

 

सुरक्षा से लेकर जलापूर्ति और जल निकासी तक उठाए सवाल, चारदीवारी-रेलिंग व जर्जर सीवर लाइन बदलने की मांग

 

ग्रेटर नोएडा गौतम बुद्ध नगर।

 

ग्रेटर नोएडा सेक्टर बीटा-1 की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को लेकर पूर्व मंत्री एवं एमएलसी नरेंद्र सिंह भाटी ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सेक्टर की सुरक्षा, जलापूर्ति, सीवर और जल निकासी व्यवस्था को लेकर प्राधिकरण का ध्यान आकर्षित किया।

नरेंद्र भाटी ने कहा कि सेक्टर में सुरक्षा की दृष्टि से अब तक चारदीवारी अथवा रेलिंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। इससे चोरी की घटनाओं की आशंका बनी रहती है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संगीता शर्मा और महासचिव हरेन्द्र भाटी ने बताया कि चारदीवारी नहीं होने के कारण आवारा पशुओं का जमावड़ा रहता है, जिससे पार्कों में आने वाले बच्चों, बुजुर्गों और स्थानीय निवासियों को परेशानी होती है।

उन्होंने जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई। मोटर खराब होने से लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। वहीं पुरानी व जर्जर वाटर ड्रेन तथा सीवर लाइन के कारण बारिश के समय जल निकासी प्रभावित होती है। सीवर चोक होने पर घरों के सामने गंदा पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

पूर्व मंत्री ने प्राधिकरण से बीटा-1 में चारदीवारी/रेलिंग का निर्माण कराने, जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने तथा पुरानी वाटर ड्रेन और जर्जर सीवर लाइन को नई लाइन से बदलने की मांग की। उन्होंने कहा कि समस्याओं का स्थायी समाधान कराया जाना जरूरी है।

इस मौके पर आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संगीता शर्मा, महासचिव हरेन्द्र भाटी, कोषाध्यक्ष एडवोकेट विपिन भाटी, सचिव ओम प्रकाश शर्मा, चौधरी जयपाल सिंह, विद्या देवी आदि मौजूद रहे।

Leave a Comment