20 दिन बाद फफूंद में मिले महिला के शव की हुई पहचान, पति पर हत्या कर नहर में फेंकने का आरोप, रिपोर्ट अजय अंजुल चौबे

20 दिन बाद फफूंद में मिले महिला के शव की हुई पहचान, पति पर हत्या कर नहर में फेंकने का आरोप

 

पोस्टमार्टम में गले की हड्डी टूटी मिली, डीएनए जांच से होगी अंतिम पुष्टि

 

औरैया | संवाददाता

 

फफूंद थाना क्षेत्र के छछुंद-अमेला बंबा में 25 जुलाई को मिले अज्ञात महिला के क्षत-विक्षत शव की 20 दिन बाद पहचान हो गई है। शव की पहचान मैनपुरी जनपद के करहल क्षेत्र निवासी सोनी के रूप में हुई है। पहचान के बाद बुधवार को डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया, जिसमें महिला के गले की हड्डी (हायॉइड बोन) टूटी मिली। रिपोर्ट के आधार पर गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार शव की हालत खराब होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी। पुलिस ने शव को 72 घंटे तक मोर्चरी में सुरक्षित रखा था। बुधवार को करहल निवासी सरोज देवी ने शव की पहचान अपनी बेटी सोनी के रूप में की। पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

परिजनों का आरोप है कि सोनी का पति, जो बीएसएफ में तैनात है और वर्तमान में पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में तैनात बताया जा रहा है, उसे 6 जुलाई को बाजार ले गया था। इसके बाद वह अकेला घर वापस आया और परिजनों से सोनी के कहीं चले जाने की बात कही। शक होने पर परिजनों ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

पुलिस जांच में कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जुड़ीं। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने कथित रूप से पत्नी की हत्या कर शव नहर में फेंकने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस शव की तलाश में जुटी थी।

करीब 175 किलोमीटर दूर फफूंद क्षेत्र के अमैला रजवाहा में मिले शव को उसी महिला का होने की आशंका के चलते पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम में गले की हड्डी टूटने की पुष्टि होने से हत्या की आशंका और मजबूत हुई है। हालांकि, अंतिम पुष्टि के लिए डीएनए जांच कराई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। डीएनए रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित होगी।

Leave a Comment