खेरिया मोड़ पर ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई से आक्रोश, अजीत नगर बाजार कमेटी और टीएसआई के बीच तीखी बहस, रिपोर्ट शंकर देव तिवारी

*आगरा: खेरिया मोड़ पर ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई से आक्रोश, अजीत नगर बाजार कमेटी और टीएसआई के बीच तीखी बहस*

 

आगरा, 17 जुलाई 2026 – थाना शाहगंज अंतर्गत खेरिया मोड़ चौराहे पर आज ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर (TSI) द्वारा की गई चालान कार्रवाई ने स्थानीय दुकानदारों और बाजार कमेटी के सदस्यों में भारी रोष पैदा कर दिया। कार्रवाई के दौरान टीएसआई और बाजार कमेटी के पदाधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई।

*क्या है पूरा मामला?*

आरोप है कि टीएसआई द्वारा उन ग्राहकों के भी चालान काटे जा रहे हैं जो अपनी गाड़ियां दुकानों के सामने खड़ी कर सामान खरीद रहे थे। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि पुलिस की इस मनमानी कार्रवाई से ग्राहकों में डर का माहौल है और बाजार की बिक्री बुरी तरह प्रभावित हो रही है। विरोध उस समय और बढ़ गया जब टीएसआई ने सांसद राजकुमार चाहर के प्रतिनिधि और मीडिया प्रभारी का भी चालान कर दिया, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

*दोगुनी नीति का आरोप*

अजीत नगर बाजार कमेटी के अध्यक्ष व सदस्यों ने टीएसआई पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ट्रैफिक पुलिस केवल आम जनता और दुकानदारों को निशाना बना रही है। व्यापारियों का कहना है कि वीआईपी रोड स्थित खेरिया मोड़ पर दिन भर डग्गामार वाहनों और अनियंत्रित टेंपो चालकों का आतंक रहता है, जिनके कारण यहां आए दिन भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती।

*अजीत नगर बाजार कमेटी की चेतावनी*

अजीत नगर बाजार कमेटी के अध्यक्ष राजेश यादव ने स्पष्ट किया कि वे नियमों का पालन करने के पक्ष में हैं, लेकिन पुलिस का यह दोहरा रवैया स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि डग्गामार वाहनों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई और दुकानदारों को बेवजह परेशान करना बंद नहीं हुआ, तो वे उच्च अधिकारियों से मिलकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

Leave a Comment