सह संपादक मिथिलेश कुमार मौर्य की खास रिपोर्ट।
नरायनपुर/मिर्जापुर, 06 अक्टूबर 2026। विकास खंड नरायनपुर, जिला मिर्जापुर में उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (UPSRLM) के तहत कार्यरत सैकड़ों समूह सखियों ने आज खंड विकास अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर अपनी 7 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
महोदय, हमारा सारा पैसा आने-जाने में ही खत्म हो जाता है –
ज्ञापन में सखियों ने लिखा है कि हम सभी समूह बैंक सखियां पिछले कई वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को संगठित करने, उन्हें समूह से जोड़ने तथा सरकार की तमाम योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए दिन-रात पूरी ईमानदारी से कार्य कर रही हैं।

लेकिन इतनी मेहनत के बाद भी हमें मात्र 2000 रुपये मानदेय दिया जाता है। इस महंगाई के दौर में हमारा सारा पैसा समूह के आने-जाने और मोबाइल रिचार्ज में ही खत्म हो जाता है, जिससे हमारे परिवार का भरण-पोषण करना बेहद मुश्किल हो गया है।
समूह सखियों की 7 मुख्य मांगें –
1. 20000 मानदेय तय हो: समूह बैंक सखियों को एक निश्चित और सम्मानजनक मानदेय 20000 मासिक दिया जाए।
2. खाते में भुगतान: मानदेय नगद नहीं बल्कि सीधे व्यक्तिगत खाते में भेजा जाए।
3. नियमित कर्मचारी का दर्जा: लगातार वर्षों से काम कर रही सखियों को ब्लॉक या मिशन स्तर पर नियमित कर्मचारी का दर्जा दिया जाए।
4. बीमा का लाभ: सभी सखियों को स्वास्थ्य और जीवन बीमा का लाभ दिया जाए।
5. मोबाइल-रिचार्ज: काम के लिए विभाग की तरफ से मोबाइल और रिचार्ज खर्च दिया जाए।
6. ऋण माफी: समूह के द्वारा लिए गए ऋण के बाद यदि किसी सदस्य की मृत्यु हो जाती है तो उसका ऋण माफ किया जाए।
7. ड्रेस और आईडी कार्ड: हम सभी को पहचान के लिए ड्रेस और आईडी कार्ड उपलब्ध कराया जाए।
आंदोलन की चेतावनी –
अंत में सखियों ने कहा है कि यदि हमारी जायज मांगों पर जल्द सहानुभूतिपूर्वक विचार नहीं किया गया तो हम सभी समूह सखियां शांतिपूर्ण ढंग से धरने और आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए विवश होंगी। आशा है कि आप हमारी मांगों को सरकार तक पहुंचाकर हमें न्याय दिलाएंगे।
इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष कुन्ती देवी, सचिव जानकी यादव, कोषाध्यक्ष जहिदा बेगम, सहाना खातून सहित समस्त समूह सखी ब्लॉक नरायनपुर, जिला मिर्जापुर की सैकड़ों सखियां मौजूद रहीं।















