“शहर में अतिक्रमण के कारण जाम की समस्या, जिला प्रशासन सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराए” – अरविन्द सिंह चौहन
एटा 28 नवम्बर।शहर में लगातार जाम की समस्या बनी रहती है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या का मुख्य कारण सड़कों के किनारे लगे हथठेले, ई-रिक्शा तथा सड़क किनारे किया गया अवैध अतिक्रमण है। अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो गई हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और आए दिन दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं।
इस संबंध में विश्व हिन्दू परिषद, ब्रज प्रान्त के प्रान्त सह विशेष सम्पर्क प्रमुख अरविन्द सिंह चौहान ने जिला प्रशासन से मांग की है कि शहर की प्रमुख सड़कों एवं बाजारों से अतिक्रमण हटवाया जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। आम नागरिकों, महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों को सड़क पर सुरक्षित आवागमन के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पा रही है। प्रशासन को इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेते हुए नियमित अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाना चाहिए तथा सड़क किनारे अव्यवस्थित रूप से खड़े ई-रिक्शा और हथठेलों पर उचित नियंत्रण करना चाहिए।
अरविन्द सिंह चौहान ने कहा कि शहर की सड़कें आम जनता के आवागमन के लिए हैं, न कि अतिक्रमण के लिए। जिला प्रशासन से आग्रह है कि शहर को जाम और दुर्घटनाओं से मुक्त बनाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करे, ताकि नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
















