रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ- सोनभद्र)
चोपन (सोनभद्र)। शासन की मंशा के अनुरूप महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति’ अभियान के अंतर्गत शनिवार को चोपन पुलिस द्वारा राजा बलदेव इंटर कॉलेज, पटवध में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान हलका इंचार्ज उपनिरीक्षक रामाज्ञा सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकगणों को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों तथा वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों से बचाव के प्रति विस्तार से जागरूक किया।
उपनिरीक्षक रामाज्ञा सिंह यादव ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की आपातकालीन परिस्थिति में पुलिस प्रशासन हमेशा नागरिकों की सहायता के लिए तत्पर है। उन्होंने छात्राओं को शासन द्वारा जारी विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1098 (चाइल्ड लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन) तथा 102/108 (स्वास्थ्य सेवाएं) के बारे में विस्तार से समझाया और निर्भीक होकर अपनी शिकायत दर्ज कराने हेतु प्रेरित किया।
इसके साथ ही डिजिटल युग में बढ़ते वित्तीय एवं सोशल मीडिया अपराधों को देखते हुए बच्चों को साइबर फ्रॉड के प्रति भी सतर्क किया गया। उन्होंने बताया कि किसी भी अनजान लिंक, लॉटरी, ओटीपी (OTP), या अनजान कॉल पर व्यक्तिगत व बैंक से जुड़ी जानकारी साझा न करें। यदि किसी के साथ किसी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होती है, तो वे तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर रिपोर्ट करें।
इस अवसर पर उपस्थित महिला आरक्षियों ने छात्राओं से संवाद कर उनकी झिझक दूर की और उन्हें अपने अधिकारों व आत्मरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
इस जागरूकता कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपनिरीक्षक रामाज्ञा सिंह यादव (हलका इंचार्ज), हेड कांस्टेबल वीरेंद्र कुमार सरोज, महिला आरक्षी प्राची शुक्ला, महिला आरक्षी नीतू सिंह, महिला आरक्षी शैलजा (थाना चोपन, जनपद सोनभद्र) सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।















