*योगी सरकार की ‘सीएम युवा योजना’ से निकिता श्रीवास्तव ने बदली अपनी तकदीर, मोमबत्ती कारोबार से बनीं सफल उद्यमी*
*मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत मिला पांच लाख का ऋण और 50 हजार रुपये का अनुदान, सालाना टर्नओवर पांच लाख के पार*
*45 से अधिक महिलाओं को दे चुकी हैं प्रशिक्षण, आठ महिलाओं को अपनी इकाई में दिया रोजगार; यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो और ब्रजरज उत्सव में भी छाए उत्पाद*
*आगरा, 21 नवंबर।* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाला उद्यमी बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से शुरू किया गया मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा योजना) युवाओं को अपना कारोबार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रहा है। आगरा के यशोदा एन्क्लेव, सिकंदरा की रहने वाली निकिता श्रीवास्तव ने भी इस योजना का लाभ लेकर अपने उद्यम का सपना साकार किया। कभी पूंजी की कमी के कारण कारोबार शुरू नहीं कर पा रही निकिता आज डिजाइनर और खुशबूदार मोमबत्तियों का निर्माण कर रही हैं। उनका सालाना टर्नओवर पांच लाख रुपये से अधिक हो चुका है और वह अन्य महिलाओं को भी रोजगार व प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनने का अवसर दे रही हैं।
*बैंक ऋण की ऊंची ब्याज दर बनी थी चुनौती, सीएम युवा योजना से मिली राह*
निकिता के मन में अपना व्यवसाय शुरू करने की इच्छा थी, लेकिन पूंजी की कमी और सामान्य बैंक ऋण पर अधिक ब्याज दर उनके रास्ते की बड़ी बाधा थी। इसी दौरान एक समाचार पत्र के माध्यम से उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सीएम युवा योजना की जानकारी मिली। उन्होंने जिला उद्योग केंद्र, आगरा से संपर्क किया और ऑनलाइन आवेदन किया। विभाग के मार्गदर्शन से पंजाब नेशनल बैंक की बल्केश्वर शाखा ने मोमबत्ती निर्माण इकाई के लिए पांच लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया। इसके साथ ही सरकार की ओर से उन्हें 50 हजार रुपये का अनुदान भी मिला। इस आर्थिक सहयोग ने निकिता को अपना कारोबार शुरू करने का अवसर दिया।
*डिजाइनर और खुशबूदार मोमबत्तियों की बढ़ी मांग*
आज निकिता अपनी मोमबत्ती निर्माण इकाई सफलतापूर्वक संचालित कर रही हैं। वह खुशबूदार और अरोमाथेरेपी मोमबत्तियों के साथ पिलर, 3डी डिजाइनर, फ्लोटिंग, जेल, टी-लाइट, वोटिव और टेपर कैंडल्स तैयार करती हैं। उनके उत्पादों को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026, ब्रजरज उत्सव और दिल्ली हाट जैसे आयोजनों में प्रदर्शित किया जा चुका है। इन मंचों के जरिए उन्हें अपने उत्पादों को नए ग्राहकों तक पहुंचाने का अवसर मिला है। निकिता आगरा आने वाले विदेशी पर्यटकों को भी अपने उत्पाद बेच रही हैं। इसके अलावा इंडिया मार्ट, इंडियन हैंडमेड जैसे व्यावसायिक मंचों और सोशल मीडिया के जरिए भी कारोबार का विस्तार कर रही हैं। आज उनके व्यवसाय का सालाना टर्नओवर पांच लाख रुपये से अधिक हो चुका है।
*महिलाओं को प्रशिक्षण देकर बना रहीं आत्मनिर्भर*
निकिता की सफलता केवल उनके अपने कारोबार तक सीमित नहीं है। वह अब तक 45 से अधिक महिलाओं को मोमबत्ती बनाने का प्रशिक्षण दे चुकी हैं। अपनी इकाई में आठ अन्य महिलाओं को रोजगार भी दिया है। इस तरह सीएम युवा योजना से मिली आर्थिक सहायता ने उनके लिए स्वरोजगार का रास्ता खोलने के साथ दूसरी महिलाओं के लिए भी आजीविका के अवसर तैयार किए हैं। निकिता श्रीवास्तव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताते हुए कहती हैं कि इतनी अच्छी योजना शुरू करने के लिए वह उन्हें कोटि-कोटि नमन करती हैं। इसी योजना के कारण वह आज स्वावलंबी बन सकी हैं। जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों के मार्गदर्शन ने भी उनके सपने को साकार करने में अहम भूमिका निभाई। वह युवाओं से अपील करती हैं कि वे आगे बढ़ने के लिए इस योजना का लाभ जरूर उठाएं।
उपायुक्त उद्योग शैलेंद्र कुमार के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। सीएम युवा योजना के तहत युवाओं को आसान शर्तों पर ऋण उपलब्ध कराने में विभाग मदद कर रहा है। निकिता श्रीवास्तव की सफलता विभाग के लिए गर्व की बात है और अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा है। जिला उद्योग केंद्र युवाओं को उद्यम स्थापित करने के लिए मार्गदर्शन देने को सदैव तत्पर है।















