मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले ‘इको भारत’ के संस्थापक संपत सारस्वत बामनवाली और कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह..
सड़क सुरक्षा पहल को सीएम ने सराहा
मुरादाबाद को ‘इको भारत रोड सेफ्टी’ मॉडल जिला बनाने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया।
आर्मेनिया में विश्व के शीर्ष-10 में चयन और जापान अध्ययन यात्रा के अनुभवों की मुख्यमंत्री ने की मुक्तकंठ से प्रशंसा।
सीएम योगी बोले— ‘इको भारत’ की सड़क सुरक्षा मुहिम पूरी तरह जनहितैषी, व्यावहारिक और लोक कल्याणकारी कदम।
लखनऊ / मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी से आज उनके लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर ‘इको भारत’ (Eco Bharat) सड़क सुरक्षा अभियान के संस्थापक संपत सारस्वत बामनवाली ने शिष्टाचार भेंट की। इस महत्वपूर्ण अवसर पर मुरादाबाद जनपद के कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र से लोकप्रिय विधायक ठाकुर रामवीर सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मुलाकात के दौरान ‘इको भारत रोड सेफ्टी इनिशिएटिव’ (www.ecobharat.co) के उद्देश्य, दूरगामी विज़न और पिछले दो वर्षों के जमीनी कार्यों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने मुख्यमंत्री जी के समक्ष मुरादाबाद जनपद को ‘इको भारत सड़क सुरक्षा पहल’ के तहत एक आदर्श मॉडल जिले के रूप में विकसित करने और इसे प्राथमिकता के आधार पर लागू करने का विधिवत प्रस्ताव रखा।
मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने ‘इको भारत’ के इस नवाचार और संकल्प की भूरि-भूरि प्रशंसा की। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सड़क हादसों को रोकने और अनमोल मानव जीवन को बचाने की दिशा में यह अभियान पूरी तरह से जनहितैषी, व्यावहारिक और लोक कल्याणकारी है। उन्होंने जनसुरक्षा से जुड़ी ऐसी पहलों को अत्यधिक सामयिक और आवश्यक बताया।
वार्ता के दौरान संस्थापक संपत सारस्वत बामनवाली ने हाल ही में आर्मेनिया में आयोजित वैश्विक मंच पर ‘इको भारत’ के विश्व के शीर्ष 10 (World Top-10) नवाचारों में चयनित होने की ऐतिहासिक उपलब्धि तथा जापान अध्ययन यात्रा के महत्वपूर्ण अनुभवों को मुख्यमंत्री जी के साथ साझा किया। मुख्यमंत्री जी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश व प्रदेश का नाम रोशन करने तथा आधुनिक तकनीकों को भारतीय सड़कों की जमीनी सुरक्षा से जोड़ने के इस प्रयास की सराहना की।
गौरतलब है कि ‘इको भारत’ पिछले दो वर्षों से लगातार पूरे समर्पण के साथ सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में व्यापक जन-जागरूकता, तकनीकी नवाचार और प्रभावी समाधान लागू करने की दिशा में कार्यरत है। इस सकारात्मक बैठक से उत्तर प्रदेश में सड़क सुरक्षा के एक नए और सशक्त अध्याय की शुरुआत होने की प्रबल उम्मीद है।















